August 5, 2026

बड़ी खबर : बागेश्वर में लगातार चौथे दिन भी स्कूल बंद

भारी बारिश और मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच जिला प्रशासन का बड़ा फैसला

बागेश्वर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र बागेश्वर जिला प्रशासन ने 30 जुलाई 2026 (गुरुवार) को भी जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।

जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज़ हवाओं की संभावना को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए यह निर्णय लिया गया है।

लगातार चौथे दिन स्कूल बंद रहने से यह साफ है कि जिले में मौसम की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे न जाएं और मौसम विभाग व जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

You may have missed