August 5, 2026

जी-रामजी योजना के विरोध को लेकर विकासनगर,सहसपुर ब्लॉक में ग्राम प्रधानों का प्रदर्शन


विकासनगर । जी-रामजी योजना में सुधार, पंचायतों को अधिक अधिकार देने और व्यावहारिक समस्याओं का समाधान करने की मांग को लेकर शुक्रवार को विकासनगर और सहसपुर ब्लॉक परिसर में ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपते हुए सरकार से शीघ्र आवश्यक संशोधन करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान प्रधानों ने कहा कि जी-रामजी योजना के वर्तमान स्वरूप में कई व्यावहारिक समस्याएं सामने आ रही हैं, जिससे ग्राम पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना था कि योजना की मौजूदा व्यवस्था ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप नहीं है, जिसके कारण समयबद्ध तरीके से विकास कार्य कराना मुश्किल हो रहा है।प्रधानों ने कहा कि जी-रामजी ऐप के माध्यम से श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने की अनिवार्यता सबसे बड़ी समस्या बन गई है। सुबह श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज हो जाती है, लेकिन शाम के समय अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क और इंटरनेट की समस्या के कारण उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती। इसका सीधा असर भुगतान प्रक्रिया और विकास कार्यों की गति पर पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने की वर्तमान अनिवार्य व्यवस्था समाप्त कर सरल और व्यवहारिक प्रणाली लागू की जाए।

You may have missed