August 8, 2026

सुमगढ़ में रोड को लेकर आर-पार, ‘सड़क नहीं तो वोट नहीं’ का ऐलान


बागेश्वर ।   फुलवाड़ी के बाद अब सड़क की मांग को लेकर आंदोलन की लहर सुमगढ़ पहुंच गई है। सड़क, स्वास्थ्य और दूरसंचार जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को ग्राम प्रधान भूपेंद्र कोरंगा की अध्यक्षता में बैठक कर सड़क संघर्ष समिति का गठन किया। समिति का अध्यक्ष ग्राम प्रधान भूपेंद्र कोरंगा और संरक्षक जिला पंचायत सदस्य नीमा गड़िया को बनाया गया। बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि सड़क नहीं होने से आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी कार्यों में भारी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विधानसभा चुनाव से पहले गांव तक सड़क नहीं पहुंची तो चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।साथ ही राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के गांव में प्रवेश पर भी रोक लगा दी जाएगी। ग्रामीणों ने कहा कि अब आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क निर्माण की ठोस कार्रवाई चाहिए।डीएम को सौंपेंगे ज्ञापनग्रामीणों ने निर्णय लिया कि सड़क संघर्ष समिति का शिष्टमंडल जल्द ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेगा। मांग पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों ने दो टूक कहा, सड़क नहीं तो वोट नहीं।