Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 30, 2026

नंदादेवी मेले के शुभारंभ पर निकली भव्य शोभायात्रा, पारंपरिक वेशभूषा में दिखी उत्तराखंड की संस्कृति


अल्मोड़ ।   ऐतिहासिक नंदादेवी मेले के शुभारंभ के अवसर पर मंगलवार को नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जीजीआईसी ड्योढ़ीपोखर से शुरू हुई शोभायात्रा पल्टन बाजार होते हुए नगर की बाजार का भ्रमण कर नंदादेवी मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में नगर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को जीवंत किया। शोभायात्रा में बच्चों ने नंदा राजजात का भी प्रदर्शन किया। नंदा राजजात की झांकी में उत्तराखंड की धार्मिक आस्था और लोक परंपरा की झलक देखने को मिली। पारंपरिक परिधानों और विभिन्न वेशभूषाओं में सजे बच्चों ने विभिन्न सुंदर झांकियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की संस्कृति को प्रदर्शित किया। शोभायात्रा में शामिल अन्य लोगों ने भी पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। शोभायात्रा के दौरान पूरा नगर मां नंदा के जयकारों से गूंजता रहा। बच्चे और शोभायात्रा में शामिल लोग जयकारे लगाते हुए नगर के बाजारों से आगे बढ़े। रास्ते में लोगों ने शोभायात्रा को देखने के लिए जगह-जगह रुककर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। इससे नगर का माहौल भक्तिमय और उत्सवमय बना रहा। शोभायात्रा के बाजार में पहुँचने पर लोगों ने शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा की। ऐतिहासिक नंदादेवी मेले में शुभारंभ के अवसर पर निकलने वाली यह शोभायात्रा नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विद्यालयों के बच्चों की भागीदारी ने इस आयोजन में खास रंग भर दिया और नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति से जोड़ने का संदेश भी दिया। नंदादेवी मंदिर पहुंचने पर शोभायात्रा में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालयों की घोषणा की गई। निर्णायक की भूमिका आशीष वर्मा, दीप जोशी और भूपेन्द्र बिष्ट ने निभाई। प्रतियोगिता में जीजीआईसी अल्मोड़ा ने प्रथम, ग्रीन फील्ड ने द्वितीय और जीआईसी अल्मोड़ा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।शोभायात्रा में विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्यमंत्री गोविंद पिल्खवाल, मुख्य मेला संयोजक तारा चंद्र जोशी, मेला सचिव मनोज सनवाल, मुख्य सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन बिष्ट चीमा, राजेंद्र बिष्ट, जगत तिवारी, कैलाश गुरुरानी, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

You may have missed

Advertisement