26 साल की विफल राजनीति का जवाब मांगेगी जनता, पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी उपपा : पीसी तिवारी
चौखुटिया। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के संयोजक एवं संस्थापक अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उपपा पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि 26 वर्षों में सत्ता बदलती रही और चेहरे भी बदलते रहे, लेकिन स्थायी राजधानी गैरसैंण, मजबूत भू-कानून, रोजगार, पलायन, जल-जंगल-जमीन, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय संसाधनों पर जनता के अधिकार जैसे मूल सवाल अब भी समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले भावनात्मक मुद्दों, घोषणाओं और राजनीतिक नाटकों के जरिए जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जाती है, लेकिन अब जनता को केवल चुनावी वादों से संतुष्ट नहीं किया जा सकता। तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने राज्य गठन के बाद भी अपने मूल सरोकारों और जनसंघर्षों से समझौता नहीं किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी सक्रियता और संघर्ष को और व्यापक करेगी। इस चुनाव में उपपा उत्तराखंड की ईमानदार, संघर्षशील और जनपक्षीय ताकतों को एक मंच पर लाकर मजबूत राजनीतिक विकल्प तैयार करने का प्रयास करेगी। उन्होंने सभी ईमानदार सामाजिक और राजनीतिक ताकतों से व्यक्तिगत और दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर उत्तराखंड के हित में इस वैकल्पिक राजनीतिक प्रक्रिया को मजबूत करने की अपील की। तिवारी ने विश्वास जताया कि इस बार जनता केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि राजनीति की दिशा में परिवर्तन के लिए मतदान करेगी और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी को अवसर देगी। जनसंपर्क अभियान के दौरान द्वाराहाट विधानसभा के संयोजक प्रकाश चंद्र जोशी, जमन सिंह मनराल, बलवंत नगरकोटी एवं भारती पांडे मौजूद रहे।
