सड़क की मांग को लेकर क्रमिक अनशन 58वें दिन भी जारी
बागेश्वर । फुलवाड़ी-फुलाचौंरा-थलीधार-खाईंधार-ठांगधार सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का क्रमिक अनशन 58वें दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को पूर्व कैप्टन रतन सिंह दानू और पूर्व सैनिक प्रताप सिंह बघरी अनशन पर बैठे। संघर्ष समिति ने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर शासन-प्रशासन की ओर से अब तक कोई पहल नहीं की गई है। समिति ने चेतावनी दी कि सड़क निर्माण शुरू होने तक आंदोलन जारी रहेगा। आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। समिति ने कहा कि जनता का धैर्य जवाब दे चुका है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो शांतिपूर्ण आंदोलन के बजाय उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।समिति ने स्वयं सड़क निर्माण शुरू करने की भी चेतावनी दी। धरना स्थल पर संघर्ष समिति के संरक्षक चरण सिंह बघरी, सचिव करम सिंह दानू, संयोजक पूर्व कैप्टन मेहमान सिंह दानू, उपाध्यक्ष शेर सिंह दानू, गजेंद्र सिंह धामी, मधन सिंह धामी, प्रताप सिंह, दलीप सिंह और हीरा सिंह आदि मौजूद रहे।
