September 19, 2026

बागेश्वर में महिला अपराधों पर कांग्रेस का प्रदर्शन


बागेश्वर ।  प्रदेश और देश में बढ़ रहे महिला अपराधों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार पर अपराधों को रोकने में विफल रहने और आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए एसबीआई तिराहे पर प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सरकारी मशीनरी के माध्यम से दीप जलाने के निर्देशों को सरकारी तंत्र का दुरुपयोग बताया। एसबीआई तिराहे पर हुई सभा में वक्ताओं ने अंकिता हत्याकांड, हेमा नेगी और पिंकी हत्याकांड, चंपावत में नाबालिग से दुष्कर्म, मंगलौर में सामूहिक दुष्कर्म, श्रीनगर में युवती से दुष्कर्म के प्रयास, द्वाराहाट में नाबालिग दलित युवती से दुष्कर्म, देहरादून में महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म, बहादराबाद में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या, रुद्रपुर में नर्स की दुष्कर्म के बाद हत्या और देहरादून आईएसबीटी में युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामलों का जिक्र किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन घटनाओं को लेकर सरकार की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और दीप जलाए जा रहे हैं, वहीं प्रदेश में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने सरकार से महिला अपराधों पर जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट, बसंत कुमार, लोकमनी पाठक, गोपा धपोला और लक्ष्मी धर्मशक्तू आदि मौजूद रहे।