Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 3, 2026

बागेश्वर में एनएसयूआई छात्र नेता का सिर फोड़ा


बागेश्वर।  बीडी पांडे परिसर में छात्रसंघ चुनाव से पहले शुक्रवार को एबीवीपी और एनएसयूआई से जुड़े छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में झड़प हो गई। मारपीट में एनएसयूआई के छात्र नेता प्रेम दानू घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनके सिर में चोट लगी है और घाव पर दो से अधिक टांके लगाए गए हैं। घटना के बाद परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है। प्रेम दानू के साथ मारपीट की सूचना पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बसंत कुमार, बालम बालकृष्ण समेत अन्य कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे। उन्होंने मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रेम दानू के साथ पूर्व में भी मारपीट हुई थी और दोबारा उन्हीं लोगों ने हमला किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर कोतवाली और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
वहीं, अभाविप के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सौरभ जोशी ने भी कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। प्रभारी कोतवाल निर्मला पटवाल ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कोट—
परिसर के भीतर शांति, seguridad और अनुशासन बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूर्व में ही आदेश जारी कर स्पष्ट किया गया है कि बिना परिचय पत्र या फीस रसीद के प्रवेश और अनावश्यक भीड़ एकत्रित करने पर पूर्ण पाबंदी है। आज हुई घटना में संलिप्त दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।    – डॉ. कमल किशोर जोशी, निदेशक पंडित बीडी पांडेय परिसर बागेश्वर

Advertisement