September 20, 2026

नंदादेवी मेले में गूंजे कुमाऊं के पारंपरिक झोड़े, महिलाओं ने दी शानदार प्रस्तुतियां


अल्मोड़ा ।  ऐतिहासिक नंदादेवी मेले के तहत रविवार को भव्य झोड़ा प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट ने मल्ला महल में किया। इसके बाद झोड़ा टीमें बाजार होते हुए नंदादेवी मंदिर पहुंचीं। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची दर्जनों महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में झोड़ा गायन और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। झोड़े की पारंपरिक धुनों और लोकगीतों से नंदादेवी परिसर कुमाऊं की लोक संस्कृति के रंग में रंग गया। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और दर्शक दीर्घा खचाखच भर गई। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागी महिलाओं का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में महिलाओं ने कुमाऊं की लोक संस्कृति, लोकगीतों और सामूहिक नृत्य की शानदार झलक पेश की। कई प्रस्तुतियों में पहाड़ की जीवनशैली, सामाजिक सरोकार और सांस्कृतिक विरासत भी दिखाई दी। स्थानीय लोगों के साथ मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने भी कार्यक्रम का आनंद लिया। आयोजक गीता मेहरा ने कहा कि नंदादेवी मेला धार्मिक आस्था के साथ कुमाऊं की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं का भी महत्वपूर्ण उत्सव है। झोड़ा हमारी पहचान और सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं को लोक संस्कृति से जोड़ने और पारंपरिक लोक विधाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास करना है। कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट, राजेंद्र बिष्ट, मुख्य सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन बिष्ट, अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज सनवाल, संयोजक तारा चंद्र जोशी, गोविंद मेहरा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे। आयोजन स्थल लोक संस्कृति की रंगत में सराबोर रहा।