सोलर लाइट खरीद मामले की जांच करेंगी एसडीएम
अल्मोड़ा । विकासखंड भिकियासैंण में सोलर लाइट खरीद में वित्तीय अनियमितता की शिकायत की जांच के लिए उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा ने 23 सितंबर की तिथि निर्धारित की है। जिलाधिकारी से मिले निर्देशों के बाद उन्हें क्षेत्र पंचायत निधि से हुई सोलर लाइट खरीद की जांच की जिम्मेदारी दी गई है। बताया गया कि बीते दिनों 23 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में से 17 सदस्यों ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा से मुलाकात कर ब्लॉक में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए थे। सदस्यों ने चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक ज्येष्ठ प्रमुख से वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार वापस लेने की मांग भी की थी। ज्ञापन में सोलर लाइट खरीद को प्रमुख प्रकरण बताते हुए जांच की मांग की गई थी। क्षेत्र पंचायत सदस्यों के ज्ञापन के बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी भिकियासैंण को सोलर लाइट प्रकरण की जांच के निर्देश दिए। इसके तहत एसडीएम ने 23 सितंबर को जांच की तिथि तय की है। क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक करगेती ने आरोप लगाया कि पूरा विकासखंड रानीखेत विधायक के दबाव में ऐसे कार्य कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक से जुड़े लोगों की फर्मों को सभी मानकों को दरकिनार कर सोलर लाइट लगाने के कार्य दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच सही दिशा में हुई तो मामले में शामिल अधिकारी, नेता और ठेकेदारों की भूमिका सामने आ सकती है।
