UPI में MDR चार्ज लगाने के विरोध में संघर्ष वाहिनी ने फूंका केंद्र सरकार का पुतला
बागेश्वर। UPI डिजिटल भुगतान पर MDR (Merchant Discount Rate) चार्ज लगाए जाने के विरोध में रविवार को संघर्ष वाहिनी बागेश्वर के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए UPI लेनदेन पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने का विरोध जताया।
संघर्ष वाहिनी के जिलाध्यक्ष कवि जोशी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं के साथ व्यापारियों ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष कवि जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में UPI डिजिटल भुगतान का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। छोटे-बड़े व्यापारी और आम लोग रोजमर्रा के लेनदेन के लिए इसका व्यापक रूप से इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में UPI पर MDR चार्ज लगाने से व्यापारियों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के बजाय यदि इस पर अतिरिक्त शुल्क लगाया जाता है तो इसका सीधा असर छोटे व्यापारियों और छोटे स्तर पर कारोबार करने वाले लोगों पर पड़ सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि UPI लेनदेन पर प्रस्तावित MDR चार्ज को तत्काल वापस लिया जाए।
संघर्ष वाहिनी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मुद्दे पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो संगठन की ओर से आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर देश और प्रदेश स्तर पर आंदोलन तेज किया जाएगा तथा जनता को भी आंदोलन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से डिजिटल भुगतान व्यवस्था को आम जनता और व्यापारियों के लिए सरल एवं अतिरिक्त शुल्क से मुक्त रखने की मांग की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष कवि जोशी, महामंत्री विजय परिहार, जिला प्रवक्ता अंकुर उपाध्याय, जिला सोशल मीडिया प्रभारी विनोद थापा, चेतन बोरा, हिमांशु दफोटी, नवीन चौबे (सचिव), वीरेंद्र नेगी (सचिव), रिजवान खान (उपाध्यक्ष), आशीष अंडोला, कृष्णा, नंदन जीना, रमेश दानू, ललित किरमोलिया, गुड्डू हरड़िया समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
