राहुल कुमार का नामांकन खारिज होने पर छात्रों का धरना
बागेश्वर । बीडी पांडे कैंपस में छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई प्रत्याशी राहुल कुमार का नामांकन खारिज किए जाने से नाराज छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को महाविद्यालय परिसर में धरना दिया। छात्रों ने महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नामांकन निरस्त करने के निर्णय पर पुनर्विचार और अपनी मांगों के निराकरण की मांग की। धरने पर बैठे छात्रों का कहना था कि राहुल कुमार का नामांकन खारिज होने से छात्र-छात्राओं में नाराजगी है। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन से पूरे मामले में स्पष्टता के साथ निर्णय लेने और उनकी मांगों पर कार्रवाई करने की मांग की।छात्रसंघ महासचिव ललित कुमार ने आरोप लगाया कि नामांकन निरस्त करने का निर्णय सोच-समझकर लिया गया है।उन्होंने कहा कि संगठन मामले में कानूनी राय ले रहा है। आरोप लगाया कि महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की बात को नजरअंदाज किया और सरकार के दबाव में महाविद्यालय निदेशक व छात्र कल्याण अधिष्ठाता ने राहुल कुमार का नामांकन निरस्त किया। छात्रों ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। वहीं, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. पुष्पा ने कहा कि नियमों के तहत तथ्यों के आधार पर ही नामांकन निरस्त किया गया है।
