Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 8, 2026

वीवीआईपी दौरे को लेकर बागेश्वर में ट्रैफिक प्लान जारी, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन और पार्किंग प्रतिबंध


9 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगी यातायात व्यवस्था; भारी वाहनों की आवाजाही पर भी रोक
बागेश्वर। आगामी वीवीआईपी ड्यूटी को देखते हुए जिला पुलिस/प्रशासन ने नगर क्षेत्र बागेश्वर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विस्तृत ट्रैफिक रूट प्लान जारी किया है। यह यातायात व्यवस्था 9 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से वीवीआईपी कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
ज्ञात हो कि कल मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का बागेश्वर दौरा प्रस्तावित हैं।
इस दौरान विभिन्न मार्गों से आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। साथ ही कई स्थानों पर वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान शहर में यातायात का दबाव न बढ़े और आवागमन सुचारु बना रहे, इसके लिए अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों को बाईपास एवं वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा।
अल्मोड़ा-ताकुला रोड से आने वाले वाहनों के लिए व्यवस्था
अल्मोड़ा/ताकुला रोड से आने वाले जिन वाहनों को गरुड़ रोड की ओर जाना है, उन्हें मांग का धारा से विक्टर मोहन जोशी इंटर कॉलेज, जजी (नदी गांव) बाईपास होते हुए द्यांगड़ की ओर भेजा जाएगा। इसी मार्ग से वाहन अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
वहीं अल्मोड़ा-ताकुला रोड से कांडा/पिथौरागढ़ की ओर जाने वाले सभी भारी एवं हल्के वाहनों को बिलौना बाईपास से चंडिका रोड होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाना होगा।
कपकोट-भराड़ी-शामा से आने वाले वाहनों का रूट बदला
कपकोट, भराड़ी और शामा क्षेत्र से आने वाले ऐसे सभी वाहन जिन्हें शहर क्षेत्र अथवा शहर से बाहर जाना है, उन्हें आरे बाईपास होते हुए द्यांगड़ की ओर भेजा जाएगा। वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
कांडा-पिथौरागढ़ रोड से आने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन
कांडा रोड से आने वाले ऐसे सभी वाहन जिन्हें शहर से बाहर जाना है, वे पुराने एआरटीओ तिराहे से चंडिका रोड होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
गरुड़-कौसानी रोड से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग
गरुड़ रोड से आने वाले जिन वाहनों को हल्द्वानी, अल्मोड़ा अथवा ताकुला रोड की ओर जाना है, उन्हें जजी (नदी गांव) बाईपास से होकर आगे भेजा जाएगा।
गरुड़ रोड से आने वाले वाहनों को यदि कपकोट रोड की ओर जाना है तो उन्हें द्यांगड़ बाईपास से होकर अपने गंतव्य की ओर जाना होगा।
इसी प्रकार गरुड़ रोड से पिथौरागढ़/कांडा रोड की ओर जाने वाले वाहनों को जजी (नदी गांव) बाईपास, बिलौना बाईपास और चंडिका रोड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा।
इन स्थानों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था
वीवीआईपी कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए प्रशासन की ओर से निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इनमें—
माधव बैंक्वेट हॉल
भाजपा कार्यालय
भाजपा कार्यालय के पूर्व की ओर साह पार्किंग
भाजपा कार्यालय के सामने स्थित दृष्टि आंखों के अस्पताल के सामने/पीछे
शामिल हैं।
मंडलसेरा बाईपास पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक
ट्रैफिक प्लान के तहत मंडलसेरा बाईपास पर कार्यक्रम समाप्त होने तक भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में भारी वाहन चालकों को प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करना होगा।
पीपल चौक की ओर वाहनों के जाने पर भी रोक
वीआईपी ड्यूटी के दौरान भाजपा कार्यालय से पीपल चौक की ओर जाने वाले किसी भी प्रकार के वाहनों, विशेषकर स्वयं वाहन चलाकर जाने वाले वाहन चालकों को उक्त मार्ग पर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसके अलावा डिग्री कॉलेज रोड से आरे बाईपास तक छोटे-बड़े सभी वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
भागीरथी तिराहे से मंडलसेरा रोड तथा आरे बाईपास पर भी छोटे-बड़े किसी भी वाहन की पार्किंग नहीं की जा सकेगी।
यातायात प्लान का पालन करने की अपील
वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित रूट प्लान का पालन करने, प्रतिबंधित मार्गों पर जाने का प्रयास न करने और सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन पार्क नहीं करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार डायवर्जन एवं पार्किंग व्यवस्था का उद्देश्य कार्यक्रम के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखना तथा आम लोगों को किसी तरह की परेशानी से बचाना है।
वाहन चालकों से अपील की गई है कि 9 अक्टूबर को घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट और डायवर्जन व्यवस्था को ध्यान में रखें तथा पुलिसकर्मियों द्वारा मौके पर दिए जा रहे यातायात निर्देशों का पालन करें।

You may have missed

Advertisement