बदरों ने तोड़ी स्ट्रीट लाइटें
बागेश्वर। गांव हो या बाजार क्षेत्र बंदरों का आतंक बढ़ते ही जा रहा है। बंदरों के उत्पात से लोग काफी परेशान हैं। मटेना गांव में बंदरों ने रास्तों के किनारे लगी स्ट्रीट लाइटें तोड़ डाली। जिससे अब गांव के रास्तों में अंधेरा होने से जंगली जानवरों का खतरा बढ़ गया है। कत्यूर घाटी में बंदरों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। आए दिन बंदर घरों में घुसकर सामान उठा ले जा रहे हैं। भगाने पर लोगों पर हमला कर रहे हैं। बुजुर्गों का आंगन में बैठना मुश्किल हो गया है। दिन में बंदर और रात को गुलदार व जंगली सुअरों ने लोगों के नाक में दम कर रहा है। शुक्रवार को बंदरों के झुंड ने मटेना गांव में रास्तों में लगी आधे दर्जन स्ट्रीट लाइटें तोड़ दी। जिससे अब लोगों को रात्रि में रास्तों में अंधेरा होने से गुलदार का डर सताने लगा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से शीघ्र बंदरों की समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग की है। इधर बैजनाथ के वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिंह गुसाई ने बताया कि शीघ्र ही टीमें बुलाकर बंदरों को पकड़ने का अभियान शुरू किया जाएगा।
