भोजनमाताओं ने निकाला जुलूस
काशीपुर । मानदेय बढ़ाने, स्थायी नौकरी और अन्य मांगों को लेकर भोजनमाताओं का दो दिवसीय आंदोलन बुधवार को जुलूस निकालकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपने के बाद समाप्त हो गया। भोजनमाताओं ने मंगलवार और बुधवार को पंत पार्क में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। आंदोलन को कई श्रमिक संगठनों, राजनीतिक दलों और महिला संगठनों का समर्थन मिला। धरना सभा का संचालन करते हुए प्रगतिशील भोजनमाता संगठन नैनीताल की कार्यकारिणी सदस्य शोभा ने कहा कि सभी भोजनमाताओं को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। साथ ही न्यूनतम वेतन, भविष्य निधि, ईएसआई और पेंशन का लाभ दिया जाए। उन्होंने आकस्मिक और प्रसूति अवकाश की सुविधा लागू करने की भी मांग की।इंकलाबी मजदूर केंद्र के प्रतिनिधि कमलेश ने कहा कि भोजनमाताओं को अपने संगठन का और अधिक विस्तार करने की जरूरत है। संगठन की ताकत के बल पर ही पहले भी कई मांगें पूरी कराई जा चुकी हैं। इनमें स्कूलों में लकड़ी के चूल्हों की जगह गैस की व्यवस्था कराना शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि हड़ताल की सुगबुगाहट मिलते ही सरकार ने मानदेय बढ़ाने की घोषणाएं तो कर दीं, लेकिन धरातल पर कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
संघर्ष से अकेलेपन और डर का माहौल समाप्त होता है। सभा के बाद भोजनमाताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने आक्रोशित जुलूस निकाला और उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। यहां साबरी, कौशल्या, कस्तूरी, सुमन, चंद्र, जानकी, गोविंदी, सुजाता, शबाना, राधा, अमरवटी, कमलेश, बबली, बबिता, गीता, ओमवती और सपना आदि मौजूद रहीं।
