ग्रामीणों ने बदहाल संचार सेवा को लेकर डीएम से मुलाकात की
बागेश्वर ( आखरीआंख ) बिचला दानपुर के लीती गांव में संचार सेवा बहाल करने की मांग को लेकर ग्रामीण डीएम से मिले। उन्होंने बताया कि गांव में संचार सुविधा नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जल्द खराब टॉवर को ठीक करने की मांग की। कहा कि यदि 15 दिन के भीतर टॉवर को ठीक नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। मंगलवार को युवा विकास संगठन लीती से जुड़े लोगों ने डीएम रंजना राजगुरु से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने डीएम को शिकायती पत्र भी सौंपा। उन्होंने बताया कि गांव में 10 साल पहले बीएसएनएल का टावर लगाया गया था। इससे क्षेत्र के दर्जनों गांवों को संचार सेवा दी जाती है। वर्तमान में यह टावर खराब होकर शोपीस बना हुआ है। विभाग को सूचित करने के बाद भी कोई सुध नहीं ली जा रही है। जिससे ग्रामीणों के मोबाइल ठप पड़ गए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से 15 दिन के भीतर टावर को ठीक करवाने की मांग की। कहा कि अगर तय अवधि में संचार सेवा बहाल नहीं की गई तो ग्रामीण बीएसएनएल कार्यालय का घेराव करने को बाध्य होंगे। यहां भूपेंद्र सिंह, कुंवर सिंह, दरपान सिंह, नंदन सिंह, किशन सिंह, बसंती देवी, शांति देवी आदि मौजूद रहे।
