नेशनलिस्ट यूनियन आॅफ जर्नलिस्ट्स ने किया अंतरराष्ट्रीय युवा फुटबॉलर को सम्मानित
बागेश्वर ( आखरीआंख ) अंतरराष्ट्रीय युवा फुटबाॅलर रोहित दानू को यूथ आइकन का सम्मान दिया गया। जिला बार एसोसिएशन, ई-बर्ड संस्था और नेशनलिस्ट यूनियन आॅफ जर्नलिस्ट्स ने संयुक्त रुप से उन्हें सम्मानित किया। उन्हें प्रतीक चिन्ह और यूथ आइकन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
जिला बार भवन में सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह भंडारी ने कहा कि कपकोट के दुर्गम गांव बघर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर का फुटबाॅलर बनकर रोहित ने जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतिभाओं का हर मंच पर सम्मान होना चाहिए। ताकि आने वाली पीढ़ी प्रेरित हो सके। फुटबाॅलर दानू ने कहा कि सफलता का मूल मंत्र है अपने लक्ष्य को ओझल नहीं होने देना। उन्होंने कहा कि वह बचपन से ही फुटबाल में कॅरियर बनाना चाहते थे। अंडर 16 विश्व कप में चयन होने के बाद चोट लगना उनके कॅरियर का सबसे खराब दौर रहा, लेकिन उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने देश के लिए खेलने को अपना लक्ष्य बताया और इसके लिए पूरी मेहनत से तैयारी करने की बात कही। एनयूजे के जिलाध्यक्ष जगदीश उपाध्याय ने कहा कि रोहित ने अपने प्रदर्शन से युवाओं को प्रभावित किया है। वह जिले के युवाओं के लिए आइकन हैं। रेडक्रास के जिला सचिव आलोक पांडे ने रोहित से स्कूलों में जाकर बच्चों को भी प्रेरित करने को कहा। कार्यक्रम के समापन पर वृक्ष प्रेमी किशन सिंह मलड़ा ने तहसील परिसर में पौध रोपण किया। इस मौके पर आर्य समाज के उप प्रधान रमेश प्रकाश पर्वतीय, एनयूजे के जिलाध्यक्ष जगदीश उपाध्याय, रेडक्रास के जिला उपाध्यक्ष संजय साह जगाती, डाॅ. हरीश दफौटी, अधिकवक्ता धन सिंह ठठोला, जिला सूचना अधिकारी रती लाल साह, हिमांशु चैबे, नीरज पांडे, दीपक पाठक, ललित जोशी, ई बर्ड संस्था के राजेंद्र कांडपाल, दीपक पाठक आदि माौजूद रहे।
कोच पांडे भी हुए सम्मानित
सम्मान समारोह में रोहित के कोच नीरज पांडे को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने यह सम्मान अपने शिष्य रोहित को समर्पित करते हुए कहा कि इसने अपनी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बताया कि रोहित भारत की ओर से आईलीग में सबसे कम उम्र में गोल करने वाला खिलाड़ी है। यह गोल उन्होंने 16 साल की उम्र में आईजाॅल क्लब के खिलाफ किया था।
