Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 12, 2026

संगम से निकली यात्रा में उमड़ा भक्तों का सैलाब 

रुद्रप्रयाग, ( आखरीआंख )  नगर क्षेत्र के प्राचीन हनुमान गुफा मंदिर बेलणी में वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पूजा अर्चना के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हो गया है। इस अवसर पर स्थानीय महिला भक्तों ने संगम तट से 101 जल कलश यात्रा के साथ शोभा यात्रा भी निकाली। तीन मई को पूर्णाहुति एवं भंडारे के कथा का समापन होगा।
मंदिर समिति एवं स्थानीय भक्तों के सहयोग से नगर रुद्रप्रयाग के बेलनी स्थित प्राचीन हनुमान गुफा मंदिर में सात दिवसीय श्रीमदभागवत कथा भव्य रूप से शुभारंभ हो गया है। शनिवार को सुबह मंदिर में ब्राह्मणों एवं पुजारी ने मंदिर में श्रीराम व हनुमान की विशेष पूजा अर्चना कर भोग लगाया, जिसके बाद मंदिर समिति एवं स्थानीय भक्त गाजे बाजों के साथ मंदाकिनी-अलकनंदा संगम तट पर पहुंचे। जहां ब्राह्मणों ने मां गंगा की पूजा अर्चना करने के उपरान्त ही गंगा जल को कलशों में भरा गया। जैसे ही यहां से जल यात्रा ने प्रस्थान किया, वैसे से ही श्रीराम के जयकारों से यहां का पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। जल कलश यात्रा संगम बाजार से केदारनाथ तिराहे होते मुख्य बाजार तक निकाली गई। इसके बाद कलश यात्रा को मंदिर प्रांगण में पहुंची, जहां यात्रा का फूल व अक्षतों से जोरदार स्वागत हुआ। जल कलश यात्रा में 101 स्थानीय महिला भक्तों ने प्रतिभाग किया। कथावाचक 108 हरिदास महाराज ने कहा कि वर्तमान में निर्मल व अविरल गंगा जल का पानी स्वच्छ नहीं रह गया है। उदगम स्थल से ही गंगा का पानी मैला हो रहा है। उन्होंने स्थानीय जनता से नदियों में स्वच्छता बनाने की अपील की है। आगामी 3 मई को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ कथा का समापन किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर के महंत उपमन्यु दास ने नगर के अधिक से अधिक भक्तों से कथा में पहुंचकर पुण्य अर्जित करने की अपील की है। इस अवसर पर महंत उपमन्यु दास, विधायक भरत सिंह चैधरी, विजय कप्रवान, सुरेन्द्र रावत, अजय सेमवाल, अजीत राणा, नरेन्द्र पंवार, प्रकाश कप्रवाण, वंदना डिमरी समेत बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित थे।
Advertisement