September 21, 2024

सरकार तत्काल करें हड़ताली कर्मियों से बातः प्रीतम सिंह

देहरादून, ( आखरीआंख )  उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने आज अपराह्न परेड ग्राउंड में पिछले दस दिन से धरने पर बैठे आंदोलनकारी 108 एम्बुलेंस सेवा के पूर्व कर्मचारियों के बीच पहुंच कर त्रिवेंद्र सरकार को ललकारते हुए सरकार को तत्काल हड़ताली कर्मचारियों से वार्ता करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि इससे  बड़ी दुखद बात यह है कि चार धाम यात्रा शुरू हो चुकी है और 108 की सेवाएं पिछले दस दिनों से ठप्प पड़ी हैं और प्रदेश सरकार कुम्भकर्णीय नींद सो रही है।
प्रीतम सिंह ने कहा कि ग्यारह ग्यारह साल से  जो कर्मचारी राज्य की इतनी महत्वपूर्ण सेवा का सफलतापूर्वक संचालन कर रहे हैं उनके बारे में सरकार इतनी उपेक्षापूर्ण रवैय्या कैसे अपना सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार अगर इस गतिरोध को नहीं तोड़ेगी तो कांग्रेस पार्टी कर्मचारियों के साथ सड़कों पर उतारने में भी गुरेज नहीं करेगी। धरने को पहले दिन से समर्थन दे रहे प्रदेजह कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि राज्य की सरकार बहरी व अंधी हो चुकी है जिसे पिछले दस दिनों से आंदोलन कर रहे 717 कर्मचारियों की चीखें सुनाई दे रही है और न 717 परिवारों के आंदोलन की खबरें जअ चैनलों व समाचार पत्रों में दिखाई पड़ रही हैं। श्री धस्माना ने कहा कि 108 कर्मचारियों के मामले में उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव व स्वास्थ्य सचिव से वार्ता कर चुके हैं और दोनों अधिकारियों ने इस मामले में हाथ खड़े करते हुए स्पष्ट किया है कि केवल सरकार ही इस में हतक्षेप कर समस्या का समाधान कर सकती है। 108 सेवा कर्मचारी संघ के महासचिव विपिन जमलोखी ने कहा कि आंदोलन तब तक चलेगा जब तक कर्मचारियों की मांग पूरी नहीं होती। सभा के पश्चात कर्मचारियों ने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया जिसमें सभी 13 जनपदों के एक एक कर्मचारी अनशन पर बैठे। धरने में कांग्रेस के अशोक वर्मा, आरपी रतूड़ी प्रभुलाल बहुगुणा, लाल चंद शर्मा, गरिमा दसोनी, महेश जोशी, अनुज दत्त शर्मा शामिल रहे।