May 31, 2026

छोटे पर्दे पर डांस रियलिटी शो से बतौर जज डेब्यू करेंगी बॉलिवुड ऐक्ट्रेस करीना कपूर खान!

( आखरीआंख ब्यूरो मुम्बई )
बॉलिवुड ऐक्ट्रेस करीना कपूर खान ने फिल्मों में अपनी अदायगी से लोगों के दिलों पर एक अलग ही छाप छोड़ी है। फिल्म कभी खुशी कभी गम में उनके पू के किरदार को तो लोग आज भी नहीं भूले हैं। ऐसे में एक बार फिर से करीना कुछ अलग करने को तैयार हैं। खबरें आ रही हैं कि जल्दी ही वह छोटे पर्दे पर डेब्यू करेंगी। हालांकि शो के नाम को लेकर फिलहाल किसी तरह का कोई बयान जारी नहीं हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक करीना कपूर खान डांस रियलिटी शो में बतौर जज नजर आएंगी। कहा जा रहा है कि इस शो की शूटिंग भी जून में शुरू हो जाएगी। हालांकि उसी समय करीना इरफान खान स्टारर फिल्म अंग्रेजी मीडियम की भी शूटिंग कर रही होंगी। ऐसे में उनके लिए इन दोनों ही प्रॉजेक्ट्स पर एक साथ काम करना बड़ा टास्क है। खबरों के मुताबिक करीना फेमस डांस शो नच बलिए के सीजन 9 का हिस्सा हो सकती हैं। बहरहाल करीना की तरफ से शो के नाम को लेकर कोई ऑफिशल बयान नहीं आया है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो करीना जल्दी ही गुड न्यूज में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार, दिलजीत दोसांझ और कियारा आडवाणी नजर आएंगी। इसके अलावा वह करण जौहर की मल्टीस्टारर फिल्म तत का भी हिस्सा हैं।