March 11, 2026

डीएम रंजना ने दिए न्यायालयों में लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

 

बागेश्वर ( आखरीआंख ) जिलाधिकारी रंजना राजगुरू ने आज जिला कार्यालय में उप जिलाधिकारी न्यायालयों एवं तहसीलदार न्यायालयों में लम्बित राजस्व वादों के निस्तारण के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक की।
जिलाधिकारी ने तहसीलवार राजस्व वादों की गहनता से समीक्षा करते हुए कहा कि तहसीलों में लम्बित वादों का निस्तारण जल्द से जल्द किया जाय। ताकि पीडित पक्ष को जल्द से जल्द न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि न्याय में अनावश्यक देरी भी अन्याय के समान है। इसके लिए इस बात का विशेष ध्यान दिया जाय कि पीडित व्यक्ति को सरलतापूर्वक न्याय मिले और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि न्यायालयों में लम्बे समय तक मामले लम्बित न रहे इसका विशेष ध्यान रखा जाय। उन्होंने बैठक में उपजिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राजस्व वादों के निस्तारण हेतु कोर्ट की तारीखों पर अनिवार्य रूप से सुनवार्इ की जाय।
उप जिलाधिकारी बागेश्वर के न्यायालय में लम्बित वाद 48, कपकोट 20, काण्डा 14, गरूड़ 89 वाद है। इसके अतिरिक्त तहसीलदार बागेश्वर के न्यायालय में लम्बित वाद 38, कपकोट 33, गरूड़ 27, काण्डा 02, काफलीगैर 01, वाद लम्बित है। उपरोक्त वादों के जल्द से जल्द निस्तारण हेतु जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राहुल कुमार गोयल, उप जिलाधिकारी बागेश्वर राकेश चन्द्र तिवारी, गरूड़ जयवर्धन शर्मा, तहसीलदार कपकोट मैनपाल सिंह आदि मौजूद थे।