March 5, 2026

पुलिस अभिरक्षा से फरार आरोपी दबोचा

हरिद्वार,( आखरीआंख )  अदालत में पेशी से वापस लौटते समय पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए पांच हजार के ईनामी आरोपी को पुलिस ने 7 माह बाद गिरफ्तार कर लिया। सीसीआर टावर में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसएसपी जनमेजय खण्डूरी ने बताया कि 30 अक्टूबर 2018 को धोखाधड़ी व आईटी एक्ट के मामले में रूड़की जेल में बंद आरोपी प्रवीण डागर उर्फ डिम्पी उर्फ डेग को पुलिस अभिरक्षा में रूड़की जेल से राजस्थान के दौसा जिला स्थित सिकराय अदालत में पेश करने के लिए ले जाया गया था।
राजस्थान से वापस लौटते समय प्रवीण डागर नजफगढ़ दिल्ली में पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। फरार होने के बाद से उसकी तलाश में लगी पुलिस को उसके रूड़की आने की सूचना मिली। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नहर पटरी नसीरपुर के पास घेराबंदी कर अपाची मोटरसाईकिल पर सवार होकर आ रहे प्रवीण डागर को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास 315 बोर का एक तमंचा, 2 कारतूस बरामद हुए। जिस अपाचे बाईक पर सवार होकर वह आया था। उसकी नंबर प्लेट भी फर्जी निकली। बाईक को भी सीज कर दिया गया। एसएसपी ने बताया कि गिरोह बनाकर एटीएम क्लोनिंग व फ्राड संबंधित अपराधों को अंजाम देने वाला प्रवीण डागर पुत्र सूरजभान निवासी ग्राम जड़ोदा कला थाना बाबा हरिदास नगर नई दिल्ली शातिर किस्म का अंतर्राज्यीय अपराधी है। उसके खिलाफ विभिन्न प्रदेशों में 50 से अधिक मुकद्मे दर्ज हैं। एसएसपी ने आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को ढाई हजार तथा आईजी ने पांच हजार रूपए का ईनाम देने की घोषणा की है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में सीआईयू प्रभारी रविन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक लोकपाल परमार, कांस्टेबल सुरेश रमोला, महीपाल, देवेंद्र ममगई, नितिन, प्रभाकर, लाल सिंह आदि शामिल रहे।