स्थाई नौकरी नहीं मिलने पर पीआरडी जवानों ने किया सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
अल्मोड़ा। स्थायी नौकरी की मांग को लेकर पीआरडी जवानों ने गांधी पार्क में बैठक की। इस दौरान उन्होंने साल में 365 दिन की स्थाई नौकरी नहीं मिलने पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन और तालाबंदी की चेतावनी दी। मंगलवार को जिलाध्यक्ष चिंता राम आगरी ने बैठक की अध्यक्षता की। वक्ताओं ने कहा 365 दिन का प्रशिक्षण प्राप्त पीआरडी जवानों को स्थाई रोजगार नहीं दिया जा रहा है। विभागीय मूलभूत सुविधाओं का भी उन्हें लाभ नहीं मिल रहा है। कहा 2004 से कई बार शासन-प्रशासन को लिखित, मौखिक के साथ ही धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगों के बारे में अवगत करा दिया है। लेकिन उनके हित में कोई उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा युवा कल्याण और प्रांतीय रक्षक दल के अधिकारियों की ओर से बजट के अभाव में प्रशिक्षण प्राप्त पीआरडी जवानों को लगातार रोजगार नहीं दिया जा रहा है। ना ही कभी संगठन को विभागीय बजट के बारे में अवगत कराया जाता है। कहा बिना प्रशिक्षण प्राप्त लोगों को रोजगार दिया जा रहा है। जिससे पीआरडी जवानों में गहरी नाराजगी है। इस दौरान उन्होंने शीघ्र मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। यहां किरन टटा, रश्मि टटा, शांति टटा, रेखा, हंसा पांगती, निर्मला थापा, अनुज कुमार, विजय कुमार, अमर नाथ आर्या, गोकुल मेहरा, संतोष लोहनी, मनोज कुमार, दलीप राम, देवेंद्र प्रसाद, हरीश सिंह नैनवाल, ओम प्रकाश, पान सिंह, भगवत प्रसाद, कुंदन सिंह, महेंद्र नयाल, शांति प्रसाद, दीपक सिंह, गोविंद सिंह, चंद्रमणि भट्ट आदि रहे।
