April 27, 2026

एसडीएम ने किया कपकोट अस्पताल का निरीक्षण 

बागेश्वर। एसडीएम प्रमोद कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता जांची। साफ-सफाई का भी जायजा लिया। मरीजों से मिलकर उनको मिलने वाली सुविधाओं की भी जानकारी दी। कपकोट अस्पताल में कुछ दिन पूर्व दवा बाहर से लिखे जाने को लेकर बबाल हुआ था। जिसमें नगर के लोगों और डॉक्टरों के बीच कहासुनी तक की नौबत आ गई थी। तहसीलदार ने वहां पहुंचकर किसी तरह मामले को शांत करवाया। डीएम रंजना राजगुरु ने मामले का संज्ञान लेते हुए एसडीएम से जांच करने को कहा। जिसके चलते वह बुधवार को अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि बाहर से दवा लिखे जाने सहित अन्य मामलों की जांच तीन सदस्यीय टीम कर रही है। उन्होंने अस्पताल में जाकर व्यवस्थाओं के बारे में जाना है। एसडीएम कुमार ने कहा कि स्टॉक रजिस्टर का निरीक्षण किया। अस्पताल में कई दवाइयां उपलब्ध नहीं है। जिसके चलते डॉक्टरों को बाहर से दवा लिखनी पड़ रही है। हालांकि कुछ मामलों को लेकर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से नाराजगी जाहिर की। उन खामियों को तत्काल सही करने को भी कहा।