March 3, 2026

शराब के नशे में एडीएम के सामने खड़ा हो गया पीठासीन अधिकारी 

चपावत। ब्लॉक कार्यालय में पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान एक पीठासीन अधिकारी शराब के नशे में उप जिला निर्वाचन अधिकारी के सामने खड़ा हो गया। शराब की महक और पीठासीन अधिकारी के डोलने पर एडीएम ने मेडिकल करवाने के निर्देश दे दिए। शराब पीए होने की पुष्टि होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने पीठासीन अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को ब्लॉक कार्यालय में विभिन्न बूथों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना करने की कार्रवाई की जा रही थी। इतने में रौसाल जीआईसी में प्रवक्ता पद पर तैनात केशव राम उप जिला निर्वाचन अधिकारी टीएस मर्तोलिया और एसडीएम अनिल गब्र्याल के समक्ष पहुंच गए। पूछने पर प्रवक्ता ने डोलते हुए बताया कि उसे सैलानीगोठ कक्ष दो में पीठासीन अधिकारी पद पर तैनाती दी गई है। इस पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रवक्ता का मेडिकल करवाने के निर्देश दे दिए। एसडीएम की देखरेख में हुए मेडिकल में प्रवक्ता के नशे में होने की पुष्टि हुई। इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी एसएन पांडेय ने आरोपी प्रवक्ता के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए।

You may have missed