Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

जिले की छह सड़कें अभी भी यातायात के लिए बंद

बागेश्वर। अक्तूबर महीने की छह तारीख बीत चुकी है, इसके बाद भी जिले की छह सड़कें अभी भी यातायात के लिए बंद हैं। इसमें से एक सड़क बागेश्वर, दो गरुड़ तथा तीन सड़कें कपकोट ब्लॉक की है। गरुड़ में 11 तथा कपकोट में 16 अक्टूबर को पंचायत चुनाव होने हैं। इसके बाद भी बंद सड़कों को खोलने के लिए जिमेदार अधिकारी जहमत नहीं उठा रहे हैं। बघर गांव में भूस्खलन के कारण गांव जाने का रास्ता भी खतरे में आ गया है। लोगों ने जल्द मार्ग नहीं खोले जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। जिला आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार बागेश्वर-गिरेछीना बागेश्वर, सौंग-खलीधार, तोली-बघर, रिखाड़ी-बाछम कपकोट तथा कंधार- रौल्याना तथा रौल्याना- लोहारगड़ी गरुड़ ब्लॉक की सड़कें बंद हैं। बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग बंद होने के कारण पांच अक्टूबर को हुए पंचायत चुनाव में पोलिंग पार्टियों को 90 किमी की अतिरिक्त यात्रा करनी पड़ी। इसके बाद भी संबंधित विभागों ने सबक नहीं लिया। 11 अक्टूबर को गरुड़ तथा 16 को कपकोट ब्लॉक में चुनाव होने हैं। यहां की पांच सड़कें बंद हैं। यदि समय पर इन्हें नहीं खोला गया तो यहां भी पोलिंग पार्टियों को मीलों पैदल चलना पड़ेगा। कपकोट में कई मार्ग ऐसे हैं जहां वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। तोली-बघर मोटर मार्ग में भूस्खलन होने के कारण गांव का रास्ता भी खतरे की जद में आ गया है। इस गांव में जाने के लिए पोलिंग पार्टियों को जान हथेली में रखबर जाना पड़ेगा। यह गांव सबसे बड़ा गांव हैं। इसमें दस प्रत्याशी सिर्फ प्रधान के लिए चुनाव मैदान में हैं। इधर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि सभी बंद मार्गों को खोलेन का काम चल रहा है। बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग में पहाड़ी दरक रही है। यहां दो-दो जेसीबी लगी हुई हैं।

Advertisement