गरुड़ विकास खण्ड के चुनाव हेतू अधिकारियों का प्रशिक्षण सम्पन, जाने कुल मतदाताओं की संख्या
बागेश्वर। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2019 के द्वितीय चरण के निर्वाचन को सफल एवं शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए विकास खंड गरूड़ के लिए नियुक्त किये गये जोनल, सैक्टर मजिस्टे्रट एवं पीठासीन अधिकारी तथा समस्त मतदान अधिकारियों को रा0 स्नातकोत्तर महाविद्यालय बागेश्वर में द्वितीय चरण का सैद्धान्तिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रेक्षक नरेन्द्र सिंह क्वीरियाल की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण में जोनल, सैक्टर मजिस्टे्रट एवं पीठासीन अधिकारी तथा समस्त मतदान अधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रेक्षक नरेन्द्र सिंह क्वीरियाल ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को निष्पक्षता एवं शातिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उन्हें जो प्रशिक्षण दिया जा रहा है उसको सभी अधिकारी/कर्मचारी गम्भीरता से ग्रहण करें ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को संपादित करते समय किसी प्रकार की त्रुटि एवं गलती न हो पाय। उन्होंने निर्देश दिये है कि त्रिस्तरीय पंचायत एक संवेदनशील निर्वाचन है इसमें सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन बड़ी गम्भीरता से करना है। उन्होंने यह भी निर्देश दिये है कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जो भी दिशा निर्देश/गार्इड लार्इन प्राप्त हुए है उसको ठीक प्रकार से पढ एवं समझ लें तथा उसी के अनुसार निर्वाचन कार्य को संपादित करें। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों को यह भी निर्देश दिये है कि निर्वाचन मतदान केन्द्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रत्याशी का चुनाव प्रचार न हो तथा मतदान केन्द्र के अन्दर किसी भी प्रत्याशी एवं अभिकर्ता मतदाता द्वारा मोबार्इल फोन का प्रयोग किसी भी दशा में नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिये है कि निर्वाचन प्रक्रिया संपादित करने के दौरान कोर्इ भी अधिकारी एवं कर्मचारी किसी भी प्रत्याशी एवं राजनैतिक पार्टी का आतिथ्य सत्कार ग्रहण नहीं करेंगे यदि किसी के द्वारा ऐसा किया गया तो उसके विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही भी सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से यह भी अपेक्षा से की है कि अपने पोलिंग बूथ पर प्रस्थान करने से पूर्व उन्हें जो निर्वाचन सामग्री उपलब्ध करार्इ जा रही है उस निर्वाचन सामग्री को ठीक प्रकार से मिलान अवश्य कर ले ताकि कोर्इ भी सामग्री छूट न पाय। उन्होंने निर्वाचन सामग्री जमा करने से पूर्व सैक्टर मजिस्ट्रेट यह सुनिश्चित कर ले कि जब तक पीठासीन अधिकारी द्वारा मतपेटी एवं निर्वाचन सामग्री स्ट्रांग रूम में जमा नहीं की जाती तब तक किसी भी अधिकारी को कार्यमुक्त न किया जाय। उन्होंने पुलिस के जोनल/सैक्टर मजिस्ट्रेटों से कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन प्रक्रिया को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पादित करने के लिए सुरक्षा में तैनात किये गये सभी सुरक्षा कर्मी मुस्तैद रहें ताकि किसी प्रकार की कोर्इ गढबडी न होने पाय।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी पं0 एस.एस.एस.पांगती ने कहा कि निर्वाचन में एक छोटी सी गलती एवं भूल पूरे निर्वाचन प्रक्रिया को बाधित कर सकती है इसके लिए उन्हें जो भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है उसको ठीक प्रकार से ग्रहण कर लें तथा किसी को किसी प्रकार की कोर्इ परेशानी एवं शंका है तो उसका समाधान प्रशिक्षण के दौरान ही कर लें ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपादित किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण का निर्वाचन शान्तिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पादित किया गया है इसके लिए सभी अधिकारी यह सुनिश्चित कर लें कि उन्हें उपलब्ध करार्इ जा रही निर्वाचन नामावली एवं उम्मीदवारों की सूची का सही प्रकार से मिलान कर ले, ताकि जिस बूथ पर उनकी तैनाती की गयी है उसी पोलिंग बूथ की सूची एवं उसी बूथ में निर्वाचन लड़ रहे उम्मीदवारों की सूची उन्हें उपलब्ध करार्इ गयी है। उन्होनें कहा कि निर्वाचन सामग्री प्राप्त करते समय किसी प्रकार की जल्दबाजी ने करें तथा निर्वाचन सामग्री को भलीभॉति मिलान करके ही प्राप्त करें। उन्होंने यह भी कहा कि विकास खण्ड गरूड़ में 106 ग्राम पंचायतें है जिसके लिए 123 मतदान केन्द्र बनाये गये है। उन्होंने कहा कि 23 ग्राम पंचायतों में प्रधान निर्विरोध चुने गये है तथा 8 ग्राम प्रधान के पद रिक्त है एवं 75 ग्राम पंचायतों में 245 उम्मीदवारों चुनाव लड़ रहे है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत प्रादेशिक निर्वाचन की संख्या 6 है जिसमें 20 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे है तथा क्षेत्र पंचायत प्रादेशिक क्षेत्रों की संख्या 40 है जिसमें 8 सदस्य निर्विरोध चुने गये है तथा 32 पदों के लिए 103 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे है। उन्होंने कहा कि विकास खण्ड गरूड़ की मतदाताओं की कुल संख्या 57301 है जिसमें महिला मतदाता 28332 तथा पुरूष मतदाता 28969 है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि निर्वाचन को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए 2 जोन बनाये गये है जिसमें 2 जोनल मजिस्ट्रेट तथा 12 सैक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किये गये है, इसी प्रकार सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था के लिए 2 जोनल एवं 12 सैक्टर मजिस्ट्रेट पुलिस को भी तैनात किया गया है।
नोडल अधिकारी प्रशिक्षण डॉ0 उदय शंकर, सहायक नोडल अधिकारी दीप जोशी व राजीव जोशी ने स्लार्इड शो के माध्यम से उपस्थित पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम एवं जोनल/सैक्टर मजिस्ट्रेट अधिकारियों को उनके दायित्व, कर्तव्यों एवं निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किये जाने वाले विभिन्न कार्यो के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान की। तथा मतदान कार्मिकों के कार्य एवं दायित्वों, मतपत्रों को जारी करने की तैयारियों एवं सावधानियों व मतदान की गोपनियता, मतपेटी को खोलना एवं सील बंद करना, मतदान अभिकर्ता के कार्य एवं दायित्व, टेंडर वोट, चैलेंजिंग वोट, मतदान शुरू करने व समाप्ति की घोषणा, मतपत्र लेखा तैयार करने के बारे में विस्तार से सैद्धान्तिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर जोनल मजिस्ट्रेट/अधि0अभि0 लोनिवि उमेश पन्त, अधि0अभि0 राजेन्द्र प्रसाद, पुलिस जोनल अधिकारी/पुलिस उपाधीक्षक महेश जोशी, संगीता एवं रिटर्निग अधिकारी जिला पंचायत के.एन.तिवारी, रिटर्निंग अधिकारी क्षेत्र पंचायत गरूड़ कमल पंत, नोडल अधिकारी खानपान अरूण कुमार वर्मा एवं सभी सैक्टर मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारी एवं समस्त मतदान अधिकारी उपस्थित रहे।
