March 11, 2026

उपेक्षा पर भाजपा संगठन और विधायक पर जमकर बरसी रागिनी भट्ट 

नई टिहरी। जनसंघ के समय से ही बीते 36 सालों से लगातार भाजपा से जुड़ी रही रागिनी भट्ट अपनी उपेक्षा पर टिहरी भाजपा संगठन और विधायक पर जमकर बरसी। उन्होंने चंबा ब्लाक में भाजपा की बागी होकर निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर प्रमुख पद पर नामांकन करवाया है। नामांकन से पूर्व पत्रकार वार्ता में उन्होंने निजी हितों में टिहरी में भाजपा संगठन को कमजोर करने का आरोप लगाया। दूसरे दल में जाने का झुठा भ्रम फैलाने का भी विधायक पर आरोप लगाया। नई टिहरी के एक निजी होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में चंबा ब्लाक के पाटा क्षेत्र पंचायत क्षेत्र से सदस्य चुनकर आई भाजपा की वरिष्ठ नेत्री रागिनी भट्ट ने कहा कि वे लगातार भाजपा की सेवा एक सची कार्यकर्ता के रूप में करती रही हैं। टिहरी में विधायक को जिताने में भी उन्होंने हाड़तोड़ मेहनत की। लेकिन बार-बार उन्हें उपेक्षित किया गया है। पूर्व में पालिका चुनाव व जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भी उन्हें उपेक्षित किया गया, लेकिन वे लगातार भाजपा संगठन के लिए तन्मयता से काम करती रहीं। टिहरी विधायक पर निशाना साधते हुये उन्होंने कहा कि व्यक्ति विशेष व चहेतों को लाभ देने के चलते उन्हें दरकिनार कर नये प्रत्याशी को चंबा ब्लाक से प्रमुख का अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया है। जिसके लिए उन्होंने टिहरी भाजपा संगठन की भूमिका पर सवाल उठाये हैं। प्रमुख पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर समर्थन देने वाले पीडीएफ ओर अन्य दलों का उन्होंने आभार जताते हुये कहा कि वे निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चंबा ब्लाक प्रमुख पद पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि उन्हें भाजपा के प्रदेश संगठन से कोई शिकायत नहीं हैं। उन्होंने प्रमुख पद के लिए आंकड़ा पूरा होने की बात कहते हुये जीत सुनिश्चित होने का भी दावा किया। पत्रकार वार्ता में बीडीसी मेंबर भूपेंद्र राणा, राजेश कोठारी, योति प्रसाद पंत सहित किशोरी लाल चमोली, सुषमा उनियाल, कैरन भट्ट आदि मौजुद रहे।