मृतका आशा कार्यकत्री के परिजनों को मुआवजा व नौकरी देने की उठाई मांग
रुद्रपुर। दिनेशपुर मार्ग पर सड़क हादसे में मारी गई आशा कार्यकत्री पूनम के परिजनों को मुआवजा व नौकरी देने की मांग को लेकर उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्क्स यूनियन के बैनर तले कार्यकत्रियों ने जिला अस्पताल में धरना प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि दिवंगत पूनम डयूटी के दौरान सड़क हादसे में मारी गई है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से 10 लाख रुपया मुआवजा और नौकरी देने को कहा। आरोप था कि हादसे के बाद भी विभाग की ओर से कोई घोषणा नहीं हुई है। 11 नवंबर को आशा कार्यकत्री पूनम कश्यप की सड़क हादसें में मौत हो गई थी। हादसे के वक्त पूनम डयूटी पर थी। आशा कार्यकत्रियों का आरोप था कि हादसे के कई दिन बीत जाने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से मृतका के परिजनों को आर्थिक मुआवजा व नौकरी देने का कोई भरोसा नहीं दिया गया। जिसकी वजह से कार्यकत्रियों में रोष है। उन्होंने ऐलान किया कि यदि मृतका के परिजनों को दस लाख रुपये व परिवार के सदस्य को नौकरी नहीं दी गई तो यूनियन आंदोलन का रास्ता आतियार करने को बाध्य होगी। इस मौके पर कैलाश पांडे,नमिता पानू,रीता कश्यप,आनंद नेगी,उषा देवी,ममता रानी,सुनीता देवी,अनीता सिंह,कलावती आदि मौजूद थे।
