बागेश्वर में आठ सूत्रीय मांगों को लेकर संयुक्त मोर्चा आंदोलित
बागेश्वर। दो प्रतिशत महंगाई भत्ते का एरियर देने, वेतन का भुगतान हर महीने के प्रथम सप्ताह में करने सहित आठ सूत्रीय मांगों को लेकर जल संस्थान कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अपनी मांगो को लेकर आंदोलित कर्मचारियों ने जल संस्थान के ईई कार्यालय के बाहर अनिश्निचितकालीन धरना शुरू कर दिया है। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो वे विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन शुरू करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को कर्मचारी आंदोलन स्थल पर पहुंचे। यहां जोरदार नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि उन्हें आज की महंगाई में जो वेतनमान मिलता है वह ऊंट के मुंह में जीरे के समान है, लेकिन विभागीय अधिकारियों की हीलाहवाली के चलते वह भी समय पर नहीं मिलता है। वक्ताओं ने हर महीने की पहले सप्ताह में वेतन हर हाल में देने, गत वर्ष अक्टूबर से लंबित अतिकाल भत्ते का भुगतान करने, मकान भत्ते के एरियर के भुगतान करने, अप्रैल 2019 से जुलाई तक संविदा श्रमिकों के बढ़े वेतन का एरियर देने सहित आठ सूत्रीय मांगों को लेकन धरना शुरू कर दिया। अध्यक्षता करते हुए घनश्याम उपाध्याय ने कहा कि उन्होंने 16 जुलाई तथा 13 सितंबर को अपनी समस्याओं उचाधिकारियों को अवगत करा दिया था। लेकिन उनकी मांगों को लेकर अधिकारी चिंतित नहीं हैं। उनकी मांग आज तक नहीं मानी गई। इसी कारण उन्हें अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने पर मजबूर होना पड़ा। चेतावनी दी कि यदि जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन नवीन पांडेय ने किया। इस मौके पर शेखरानंद जोशी, शेखर जोशी, देवेंद्र सिंह धपोला, सुनील दत्त पांडे, चंचल सिंह धपोला, पूरन सिंह रावत, रविशंकर, पुष्कर चंद्र, संजय कुमार, कुंदन सिंह परिहार आदि मौजूद रहे।
