Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 17, 2026

कपकोट में रोड पर गिरने से व्यापारी की मौत

बागेश्वर। भराड़ी बाजार के व्यापारी की रोड पर गिरने से मौत हो गई। घायल होने के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया था। काफलीगैर के पास उन्होंने दम तोड़ दिया। व्यापारी अपने पीछे पत्नी और दो बचों को रोता बिलखता छोड़ गया है। इधर व्यापारी के निधन पर शोक में भराड़ी बाजार पूरे दिन बंद रहा। व्यापारी शंकर सिंह बिष्ट (36) पुत्र दीवान सिंह बिष्ट, निवासी भराड़ी बाजार शुक्रवार की शाम करीब छह बजे चखतरी गांव से आ रहे थे। कपकोट के पुल बाजार के पास अचानक वह गश खाकर रोड पर गिर पड़े। बेहोशी की हालत में उन्हें आसपास के लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां भी डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार कर हायर सेंटर रेफर कर दिया। उन्हें एंबुलेंस की मदद से हल्द्वानी ले जाया जा रहा था, काफलीगैर के पास उनकी मौत हो गई। जिसके बाद शव को घर लाया गया। शनिवार को सरयू-खीरगंगा तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके चाचा मादो सिंह ने चिता को मुखाग्नि दी। इधर व्यापारी के निधन पर भराड़ी व्यापार मंडल ने शोक में बाजार बंद करने की घोषणा की। सभी व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। उनके अंतिम संस्कार में पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, व्यापार मंडल अध्यक्ष कपकोट तारा सिंह कपकोटी, भराड़ी शेर सिंह ऐठानी, गणेश उपाध्याय, गिरीश जोशी, भगवत कोरंगा, ललित सिंह समेत तमाम व्यापारी व ग्रामीण मौजूद रहे।

Advertisement