थल में एबीवीपी, यूकेडी ने तेलंगाना में महिला की हत्या पर जताया आक्रोस
पिथौरागढ़। थल में एबीवीपी और यूकेडी ने 28नवंबर को तेलंगाना में महिला पशु चिकित्सक के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने की घटना पर आक्रोश जताया है। कार्यकर्ताओं ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग करते हुए तेलंगाना सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा देश में महिलाओं के खिलाफ आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। जिसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। शनिवार को एबीवीपी और यूकेडी कार्यकर्ताओं ने थल मुय बाजार में एकत्र होकर महिला पशु चिकित्सक प्रियंका हत्याकांड के खिलाफ प्रदर्शन किया। एबीवीपी के पीयूष उपाध्याय ने कहा तेलंगाना में 28नवंबर को प्रियंका के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी नृशंश हत्या कर दी गई। उसे वाहन के भीतर ही जला दिया गया। यूकेडी के संगठन मंत्री सलीम अहमद ने कहा अपने ही देश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। महिलाओं पर बढ़ती आपराधिक घटनाएं समूचे देश के लिए चिंता का विषय है। कार्यकर्ताओं ने कहा इस तरह की घटनाएं दोबारा ना हो इसके लिए दोषियों को कड़ा सबक मिलना चाहिए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने तेलंगाना सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। चेतावनी देते हुए कहा शीघ्र दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो देशव्यापी आंदोलन छेड़ दिया जाएगा। मौके पर अमित सत्याल, भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष गोविंद भट्ट, व्यापार मण्डल अध्यक्ष बलवंत सिंह सत्याल, प्रवीण कुमार, विजय उपाध्याय, सोहिल अली रहे।
