September 20, 2024

बागेश्वर में एनएसयूआई ने किया केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन 

बागेश्वर । नागरिकता संसोधन विधेयक को लेकर चल रही विरोध की आंच जिले तक भी पहुंच गई है। सोमवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने डिग्री कॉलेज परिसर में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सरकार देश को धार्मिक आधार पर विभाजित करने की कोशिश लगी है। जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने संविधान बचाने के लिए सरकार की ऐसी नीतियों का विरोध करने की बात कही। एनएसयूआई के नागरिकता संसोधन विधेयक के खिलाफ संविधान बचाओ कार्यक्रम किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि नागरिकता बिल लाकर संविधान की मूल भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार देश को धर्म के आधार पर बांटने का काम कर रही है। जिसका छात्र संगठन पुरजोर विरोध करता है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष देश में कोई भी कार्य करने से पूर्व जनता की राय जरुर ली जानी चाहिए। कहा कि संगठन जनहित के खिलाफ बनने वाले कानून का विरोध करता रहेगा। संविधान की रक्षा के लिए छात्र हरसंभव कदम उठाएंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह परिहार, तनुज कर्म्याल, प्रकाश वाछमी, रवि कोश्यारी, दीपक खेतवाल, कृष्णा कपकोटी, सूरज जोशी, गोविंद, कुलदीप नेगी, गुलशन, राकेश, अजय, मनोज आदि मौजूद रहे।