कांग्रेस धूमधाम से मनाएगी स्थापना दिवस
बागेश्वर। कांग्रेस जिला इकाई की यहां हुई बैठक में 28 दिसंबर को पार्टी का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाए जाने का निर्णय लिया गया। इसी दिन संविधान बचाओ, देश बचाओ रैली भी निकाली जाएगी। इसके अलावा मकर संक्राति पर सरयू बगड़ में आयोजित सभा को भी सफल बनाने का संकल्प लिया गया। पार्टी कार्यालय में बुधवार को आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक ने कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस 28 दिसंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। पार्टी के शीर्ष नेताओं ने निर्णय लिया है कि इस दिन सभी प्रदेश कार्यालय में संविधान बचाओ, देश बचाओ का नारा बुलंद किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में यह कार्यक्रम देहरादून में चलेगा। जिले से भी कार्यकर्ता इसमें शामिल होने के लिए जाएंगे। जिले में भी कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र तथा प्रदेश सरकार की जन विरोधी नीति के कारण परेशान हैं। हालांकि लोगों ने भाजपा को अपना निर्णय सुनाना शुरू कर दिया है। जिसका जीता-जागता उदाहरण झारखंड का चुनाव है। वक्ताओं ने कहा कि मकर संक्राति पर इस बार सरयू बगड़ में भाजपा को जड़ से मिटाने का संकल्प कार्यकर्ता लेंगे। इस मौके पर महामंत्री विनोद पाठक, गीता रावल, संजय टटा, पीसीसी सदस्य बालकृष्ण, नगर अध्यक्ष धीरज कोरंगा, बहादुर बिष्ट, महेश पंत, गिरीश लाल, करम सिंह दानू, अनिल विश्वकर्मा, ललित बिष्ट, लक्ष्मी धर्मशक्तू, गीतांजलि, अंकुर उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
