रणजी ट्रॉफी: उत्तराखंड दूसरी पारी में भी लडख़ड़ाया
देहरादून। रणजी ट्रॉफी में उत्तराखंड के बल्लेबाजों का लचर प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को दूसरी पारी की शुरुआत करने उतरी उत्तराखंड ने 54 रनों पर अपने चार अहम विकेट गंवा दिए। ओडिशा ने अपनी पहली पारी में 253 रन बनाते हुए उत्तराखंड पर 136 रनों की बढ़त बनाई है। उत्तराखंड और ओडिशा के बीच मैच कटक के डीआरआइईएमएस क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। शुक्रवार को तीसरे दिन 55.2 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 145 रनों से पारी को आगे बढ़ाते हुए ओडिशा ने 83.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 253 रन बनाए। टीम के लिए शांतनु मिश्रा 110, डी प्रधान 14 व राजेश मोहंते ने 17 रन बनाए। उत्तराखंड के लिए प्रदीप चमोली व सन्नी राणा ने तीन-तीन व डीके शर्मा ने दो विकेट चटकाए।
बल्लेबाजों का लचर प्रदर्शन जारी- ओडिशा के खिलाफ अपनी दूसरी पारी की शुरुआत करने उतरी उत्तराखंड को शुरुआती झटके लगे। कप्तान उन्मुक्त चंद (13 रन), तनमय श्रीवास्तव (दो रन), अवनीष सुधा (00 रन) और सौरभ रावत (15 रन) सस्ते में आउट होकर लौटे। जिसके चलते उत्तराखंड ने 22 ओवर में 54 रनों पर चार विकेट गंवा दिए हैं। दिक्षांसु नेगी 23 रन बनाकर मैदान पर बने हुए हैं।
