May 3, 2026

खाई में गिरी कार, दो युवकों की मौके पर ही मौत, एक घायल

नई टिहरी। थत्यूड़ के पास बंसीखाला में देर रात एक कार के दुर्घटना ग्रस्त होने से कार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक घायल हो गया। घायल को 108 एंबुलेंस सेवा से देहरादून रेफर किया गया। दुर्घटना की सूचना परिजनों को भेज दी गई है।थानाध्यक्ष थत्यूड़ केके टटा ने बताया कि थत्यूड़ से पांच किलोमीटर पहले अलमस बैंड के समीप बंसीखाला में गुरुवार करीब एक बजे रात एक कार अनियंत्रित होकर सौ मी. गहरी खाई में जा गिरी। कार के दुर्घटना ग्रस्त होने से कार में सवार विनय दहिया (19) पुत्र दिनेश दहिया निवासी टी-223 इदिंरा कॉलोनी दिल्ली, कार्तिक भारद्वाज (19) पुत्र बालकृष्ण भारद्वाज निवासी भजनपुरा दिल्ली की मौके पर मौत हो गई। जबकि कुणाल खत्री (25) पुत्र नरेन्द्र खत्री निवासी नरेला थाना नरेला दिल्ली गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी 108 एंबुलेंस सेवा के चालक सूरज बिष्ट ने नई टिहरी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। जिला कंट्रोल रुम के माध्यम से थाना थत्यूड़ को करीब डेढ़ बजे दुर्घटना की सूचना दी गई। सूचना पर थाना थत्यूड़ पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, और घायल और मृतकों का रेस्क्यू किया। बताया मृतकों की आईडी से ही मृतकों के बारे में जानकारी जुटाने के बाद उनके परिजनों को कार दुर्घटना की सूचना दी गई। दुर्घटना में गंभीर घायल कुणाल को 108 सेवा से रात को ही देहरादून रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना का कारण तेज रतार बताया है, लेकिन इस बात पता नहीं चल पाया कि वाहन किस जगह से आ रहा था और कहां जा रहा था। बताया कार में तीन युवक सवार थे। 108 के चालक ने बताया कि वह देर रात मसूरी से वापस थत्यूड़ लौट रहा था उसने खाई में वाहन की जलती लाइट देखकर दुर्घटना का अंदाजा लगाकर सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। रेस्क्यू टीम में एसआई कैलाश चंद, मनोज बलोदी, लोकेंद्र पंवार, दीगपाल राणा, धर्मपाल सिंह, प्रवीण कुमार, भूपेंद्र कुमार, कमलेश कुमार थे।