बागेश्वर जिले में 17 के सापेक्ष स्थापित हैं मात्र 6आधार केंद्र
बागेश्वर। जिले में अब तक 17 आधा सेंटरों के मुकाबले छह केंद्र ही खुल पाए हैं। जिससे आधार कार्ड बनवाने और अपडेट करवाने में लोगों को परेशानी होती है। अपर जिलाधिकारी राहुल कुमार गोयल ने लीड बैंक अधिकारी से बैंक नियंत्रकों से पत्राचार करने व बाकी सेंटरों को जल्द खुलवाने के निर्देश दिए। कलक्ट्रेट सभागार में एडीएम व आधार सेल अध्यक्ष गोयल ने आधार परियोजना की प्रगति व आधार सेल के संबंध में बैठक ली। इस दौरान आधार पंजीकरण केंद्रों की प्रगति पर चर्चा हुई। कार्मिकों को आधार पंजीकरण के बारे में प्रशिक्षण भी दिया गया। एडीएम ने बताया कि शासन स्तर से समाज कल्याण, शिक्षा, सूचना प्रोद्योगिकी व बाल विकास विभाग को आधार किट दिए गए हैं। बैंक व पोस्ट ऑफिस से भी आधार कार्ड संबंधी सेवाएं दी जा रही हैं। लीड बैंक अधिकारी मनोहर सिंह पांगती ने बताया कि जिले में एसबीआई, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक, सिंडिकेट बैंक, इलाहाअबाद बैंक, यूको बैंक और बैंक ऑफ बड़ोदा की शाखाओं में आधार सेवा कार्यरत है। जिस पर एडीएम ने बाकी केंद्रों को भी जल्द खुलवाने को कहा। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि विभाग को एक आधार किट दी है। वह एक्टिव है, लेकिन उनके केंद्र में आधार नामांकन व अपडेट करने के लिए कोई नहीं आ रहा है। एडीएम ने इस केंद्र का व्यापक प्रचार प्रसार करने और बहुउद्देश्यीय शिविर में इसका उपयोग करने को कहा। ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक ने बतया कि जिला प्रशासन को कुल पांच किट मिले हैं। जिसके सापेक्ष तीन किट स्वान केंद्र कांडा, कपकोट और गरुड़ में काम कर रहे हैं। काफलीगैर को आवंटित किट किसी कारण से ब्लेकलिस्टेड हो गई है। एडीएम ने उसे दुबारा एक्टिव करने के लिए शासन से पत्राचार करने और दुग नाकुरी में केंद्र संचालित करने संबंधी प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बागेश्वर पोस्ट मास्टर ने बागेश्वर में नियमित आधार कार्ड बनाये जाने की बात कही। वहीं गरुड़ और कपकोट का विवरण नहीं देने पर एडीएम ने इस संबंध में तत्काल उचाधिकारियों से पत्राचार करने को कहा। कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास ने बताया कि विभाग को तीन आधार किट दिए गए थे, जिनके संचालन के लिए कार्मिकों का चयन कर उनके सर्टिफिकेशन की कार्रवाई चल रही है। एडीएम ने उन्हें 15 दिनों के भीतर संचालन करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी केंद्रों से अपने आधार पंजीकरण केंद्रों के रखरखाव व संचालन में दिए निर्देशों का पालन करने को कहा। पंजीकरण व अपडेट की सूचना प्रतिमाह शद्व पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी एनएस गस्याल, कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास राजेंद्र प्रसाद बिष्ट आदि मौजूद रहे।
