October 23, 2024

वाहन दुर्घटना ग्रस्त , एक की मौत, पांच घायल 

नई टिहरी। ऋषिकेश से गजा आ रहा सूमो वाहन गजा के पास पाले में फिसलने से खाई में जा गिरा। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। राजस्व पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को खाई से निकालकर पीएचसी गजा में भर्ती करवाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को सुमन अस्पताल नरेन्द्रनगर रैफर कर दिया। राजस्व उपनिरीक्षक गजा विनोद राणा ने बताया रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे ऋषिकेश से गजा आ रहा टाटा सूमो वाहन गजा कस्बे से पहले गोतार्स नामक स्थान पर पाले में फिसलने से करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे वाहन में सवार वाहन में सवार सुनील सकलानी (35) पुत्र आरपी सकलानी निवासी हवेली सकलाना जौनपुर की मौके पर मौत हो गई। जबकि दुर्घटना में प्रीतम सिंह (15) पुत्र राजेश सिंह, महेंद्र सिंह (15) पुत्र वीर सिंह दोनों निवासी आदवाणी गजा, सावित्री देवी (40) पत्नी देवेन्द्र प्रसाद निवासी चाका बैरोला, दिवान सिह (62) पुत्र रतन सिंह निवासी पयाल गांव, मदन सिंह (32) पुत्र शूरवीर सिंह निवासी फलसारी घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही गजा तहसील प्रशासन की टीम, गजा कस्बे तथा आस-पास गांव के ग्रामीण मौके पहुंचे और घायलों को खाई से निकालकर पीएचसी गजा ले गए। चिकित्सकों ने दुर्घटना में गंभीर घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा से सुमन अस्पताल नरेन्द्रनगर रैफर कर दिया। करीब डेढ़ बजे दोपहर को नरेन्द्रनगर सुमन अस्पताल से दुर्घटना में घायल हुए महेंद्र सिंह, दिवान सिंह, प्रीतम सिंह और सावित्री देवी को ऋषिकेश स्थित एस अस्पताल रैफर कर दिया गया है। राजस्व पुलिस ने मृतक का पंचनामा कर शव को पीएम के लिए खाड़ी स्थित अस्पताल भिजवाया। प्रगतिशील जन विकास संगठन गजा के अध्यक्ष दिनेश प्रसाद उनियाल ने प्रशासन से पाला ग्रस्त स्थानों पर चूना और नमक डालने की मांग की है।