दिल्ली के लोगो को भा रहे बागेश्वर के मडुये/चौलाई के बिस्कुट
बागेश्वर। दिल्ली के लाल किला में चल रहे भारत पर्व में जिले के उत्पादों की धूम मची है। मुनार गांव में बने मडुवे, चौलाई और मक्के के बिस्कुटों को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। हिमगिरी आजीविका की ओर से शामिल रिंगाल के उत्पादों की भी काफी मांग है। यहां के उत्पादों की बढ़ती मांग से जिले काश्तकार और आजीविका परियोजना के अधिकारी, कर्मचारी भी उत्साहित हैं। भारत पर्व का आयोजन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती वर्ष पर किया जा रहा है। इसमें उद्योग विभाग के तहत हिमाद्री नाम से उत्तराखंड का स्टॉल लगाया गया है। जिसमें जिले से हिमगिरी स्वायत्त सहकारी आजीविका परियोजना और मुनार के बने बिस्कुटों को शामिल किया गया है। 26 जनवरी से चल रहे इस आयोजन में जिले के उत्पादों को काफी पसंद किया जा रहा है। परियोजना प्रबंधक धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि स्टॉल में आने वाले लोग मुनार में बने मडुवे, चौलाई और मक्के के बिस्कुटों को काफी पसंद कर रहे हैं। इनकी खरीदारी के लिए लोगों का उत्साह देखकर काश्तकार और परियोजना के कर्मचारी भी उत्साहित हैं। इसके अतिरिक्त हिमगिरी आजीविका की ओर से यहां रिंगाल के बने फैंसी सामान, टोकरी, फूलदान आदि की भी प्रदर्शनी लगी है। कत्यूर घाटी के लाल चावल और काले भट को भी यहां बिक्री के लिए रखा गया है। उन्होंने बताया कि जिले के उत्पादों को पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर अछी पहचान मिली है। इस बार भी इन्हें काफी पसंद किया जा रहा है। भारत पर्व का समापन 31 जनवरी को होगा।
