March 20, 2026

ब्रेकिंग : कपकोट थाने में एक शराबी ने एसआई पर झोंका फायर, ये कैसी खून की होली

बागेश्वर। होली में कपकोट थाने की पुलिस भी सुरक्षित नहीं है। थाने में तैनात एसआई पर एक युवक ने पिस्टल से फायर झोंक दिया। गनीमत रही की पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गया। नशे में धुत युवक रंग की होली के बजाय खून की होली खेलने पर उतारू था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया। वरना थाने में खून की होली खेलने से उसे कोई नहीं रोक सकता था। उसके खिलाफ हत्या की कोशिश करने का मामला दर्ज कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। रविवार की शाम करीब साढ़े सात बजे एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर गाली-गलौज और शोरगुल करता हुआ थाने के पास पहुंचा। वह पुलिस विभाग को गालियां दे रहा था। थानाध्यक्ष टीआर वर्मा और एसआई अकरम अहमद ने उससे ऐसा करने से मना किया तो वह आग बबूला हो गया। उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से एसआई पर फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि गोली उसके बगल से निकल गई। इससे हादसा होने से टल गया। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाई और युवक को दूसरा फायर करने का मौका दिए बिना दबोच लिया। उसे पकड़कर पुलिस थाने के भीतर ले गई। जहां पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम हीरा सिंह कठायत पुत्र प्रताप सिंह कठायत निवासी कर्मी बताया। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 307, 332 और 353 आयुध अधिनियम में मामला दर्ज कर हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि पहले भी आरोपी इस तरह का दुस्साहस कर चुका है।
थाने आने से पहले किसी और पर भी झोंका था फायर :पुलिस पर हमला करने से पूर्व आरोपी युवक ने तहसील क्षेत्र में फायरिंग की थी। तहसील गेट निवासी सुंदर सिंह बिष्ट पुत्र नंदन सिंह बिष्ट ने पुलिस को तहरीर देकर उसके घर पर आरोपी के फायरिंग करने की तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 307, 504 और 506 के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को रिमांड लेने के लिए न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।