June 20, 2026

पहाड़ों के विकास से होगी आर्थिकी मजबूत: जोशी

कोटद्वार। पद्मभूषण डॉ. अनिल जोशी ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों के बेहतर विकास से प्रदेश की आर्थिकी को मजबूत किया जा सकता है। देश के कई शहर प्रदूषण व पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में पहाड़ के युवा प्राकृतिक स्त्रोतों के पानी व यहां की हवा को बेचकर आर्थिकी मजबूत कर सकते हैं।
सोमवार को गोखले मार्ग स्थित अपने आवास में पत्रकारों से बातचीत में डॉ. अनिल जोशी ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि मनुष्य अपने निजी स्वार्थ के लिए प्रकृति को नुकसान पहुंचा रहा है। ऐसी स्थिति में हमें सोचने की आवश्यकता है कि हम अपनी आने वाली पीढ़ी को कैसा भविष्य दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में खेती करने के लिए भी कैमिकल दवा का प्रयोग किया जा रहा है, जो मनुष्य के स्वास्थ्य के लिए बहुत हानिकारक है। कहा कि प्रदूषण की स्थिति यह है कि दिल्ली जैसे शहर की स्थिति यह है कि लोग शुद्ध सांस लेने के लिए ऑक्सीजन कैफे में जा रहे हैं। देश में उत्तराखंड के संसाधनों की डिमांड बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का युवा ऑसीजन व प्राकृतिक स्रोतों का पानी बेचकर खुद की आर्थिकी को मजबूत करने के साथ ही कई लोगों को रोजगार दे सकते हैं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित करने का स्वागत किया। कहा कि अब सरकार को पहाड़ी क्षेत्रों के बेहतर विकास पर ध्यान देने की आवश्यकता है