March 31, 2026

जर्मनी में नोबेल पुरस्कार विजेताओं से मिलेंगी आईआईपी की छात्रा कनिका 

देहरादून। सीएसआईआर-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम में पीएचडी कर रही दून की छात्रा कनिका गुप्ता का चयन जर्मनी के लिंडौ में होने वाले 70 वीं लिंडौ नोबेल पुरस्कार विजेता बैठक के लिए हुआ है। नोबेल पुरस्कार विजेताओं के साथ ये बैठक 28 जून से 3 जुलाई को होगी। सीएसआईआर-आईआईपी के पब्लिक इंगेजमेंट हेड डा.डीसी पांडे ने बताया कि, ये एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम है। जिसमें दुनिया भर में परास्नातक, डॉक्टरेट, और पोस्ट-डॉक्टरल कार्यक्रमों से जुड़े छात्र-छात्राएं अपने चयन के आधार पर हिस्सा लेते हैं। इस दौरान उन्हें नोबेल पुरस्कार विजेताओं से बातचीत का मौका भी दिया जाता है। कनिका गुप्ता को आयोजन में भाग लेने के लिए सभी वित्तीय सहायता डीएसटी, भारत सरकार और जर्मनी स्थित लिंडौ नोबेल लॉरिएट मीटिंग्स की परिषद द्वारा प्रदान की जाएगी। हालांकि वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के असर के कारण इस कार्यक्रम पर भी असर पड़ सकता है। फिलहाल आईआईपी संस्थान के अधिकारी, वैज्ञानिकों समेत कनिका भी तब तक स्थिति के सामान्य होने की प्रार्थना कर रही हैं।