कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की कमियां गिनाई
बागेश्वर। भाजपा सरकार के तीन साल पूरा होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की कमियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि जिला विकास प्राधिकरण लोगों के लिए जी का जंजाल बन गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य और महंगाई ने लोगों की तबीयत बिगाड़ दी है। बेरोजगारों ने रोजगार देने में डबल इंजन की सरकार नाकाम साबित हो रही है। पार्टी कार्यालय में हुई पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक ने कहा कि प्रदेश में भाजपा को काबिज हुए तीन साल पूरे हो गए हैं, लेकिन सरकार कुछ भी नहीं कर पाई है। जीवन भर की कमाई के बाद पर्वतीय क्षेत्र में लोग अपने लिए मकान तक नहीं बना पा रहे हैं। सरकार ने जिला प्राधिकरण का गठन कर नियमों को पेचीदा कर दिया है। भूमि उपयोग के चलते जिले में दो लोग अपनी जान तक गंवा चुके हैं। महंगाई से लोग त्रस्त हैं। 100 दिन में महंगाई कम करने वाली सरकार ने डीजल, पेट्राल, गैस, सब्जी और अनाज के दामों को आसमान तक पहुंचा दिया है। किसानों की अनदेखी हो रही है। बेरोजगारी का यह आलम है कि बेरोजगारी दर बढ़कर 9.3 प्रतिशत हो गई है। जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली सरकार के कार्यकाल में एनआरएचएम, छात्रवृत्ति, सिडकुल घोटालों की ऑडियो और वीडियो वायरल हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग की जिमेदारी स्वयं सीएम के पास है। इसके बाद भी बागेश्वर जैसे जिले में मात्र एक फिजीशियन है। महिलाओं पर अत्याचार ओर दुष्कर्म के आंकड़े बढ़ते जा रहे हैं। बिजली, पानी के दाम बढ़ रहे हैं। वित्तीय प्रबंधन इतना कमजोर है कि कर्मचारियों को वेतन देने के लिए बाजार से ऋण लिया जा रहा है। ई-टेंडरिंग में छोटे ठेकेदारों की अनदेखी हो रही है। कांग्रेस शासन में शुरू जनहित की कई योजनाओं को बंद कर दिया है। इस मौके पर पूर्व विधायक व प्रदेश महामंत्री ललित फर्स्वाण, जिला पंचायत सदस्य हरीश ऐठानी, पूर्व पालिकाध्यक्ष गीता रावल, नगर अध्यक्ष धीरज कोरंगा आदि मौजूद रहे।
