बागेश्वर में बारह बजे तक नहीं दिखा 144 का असर
बागेश्वर। प्रदेश सरकार ने रविवार रात से ही लॉकडाउन के निर्देश सभी जिलाधिकारियों को दे दिए थे। बागेश्वर में भी रात नौ बजे से धारा 144 लागू कर दी गई, लेकिन लोग इस धारा से बेफ्रिक दिखे। सोमवार की सुबह बाजारों को देखकर लग ही नहीं रहा था कि व्यवस्था बदल गई है। रोजना की तरह लोग सड़कों पर झुंड बनाकर चल रहे थे। भराड़ी टैक्सी स्टैंड में चालक ओवर लोडिंग कर रहे थे। सभी मार्गों पर दो पहिया वाहनों की आवाजाही दिनभर चलती रही। जो दुकानें खुली थीं उनमें से लोगों ने अपने जरूरत की समाग्री खरीदारी की। जमाखोरी और ओवर रेट की शिकायत कहीं से नहीं मिली। कोरोना को लेकर जहां पूरे विश्व सजग है। हमारे देश के प्रधानमंत्री से लेकर मुयमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत तक लोगों से अपने घरों में ही सुरक्षित रहने तथा लोगों को भी सुरक्षित रखने की अपील कर चुके हैं। इसके बाद प्रदेश में लॉक डाउन और जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है, लेकिन जिले में सोमवार को इस आदेश का सुबह के समय कोई पालन नहीं हुआ। लोग झुंड में सड़कों पर चहल कदमी करते कई स्थानों पर देखे गए। दो पहिया से लेकर चोपहिया वाहन रोजाना की तरह दौड़ते रहे। माहौल देखकर ऐसा नहीं लग रहा था कि जिले में धारा 144 लगा दी गई है। लोग चेहरे में मास्क लगाकर शहर का मानो जैसे हाल जानने निकले हों। राशन और सब्जी की दुकानें में रोज की तरह ही ग्राहक आ रहे थे। कहीं से भी खाद्य भंडारण तथा ओवर रेटिंग की शिकायत नहीं मिली है। वाहनों की आवाजाही पर पुलिस प्रशासन रोक नहीं लगा पाई। भराड़ी टैक्सी स्टैंड के पास खड़ी मैक्स जीपों ने मनमर्जी दिखाई। एक जीप में दस से लेकर 12 सवारी बैठाकर उन्हें गंतत्व स्थानों को ले गए। इन्हें देखने वाला कोई नहीं था। 11 बजे बार कोतवाल डीआर वर्मा, तहसीलदार नवाजीश खलील दलबल के साथ सड़क पर उतरे। इसके बाद वाहनों की रतार पर थोड़ा अंकुश लगना शुरू हुआ। इसके बाद लोगों की आवाजाही कम हुई। लेकिन दोपहिया वाहन दिनभर दौड़ते रहे।
पुलिस ने डुगडुगी बजाकर लोगों को जागरूक किया
बागेश्वर। कोरोना को लेकर पुलिस ने डुगडुगी बजाकर जागरूक किया। धारा 144 का लोगों से पालन करने की अपील की गई। लेकिन इस अपील का युवाओं पर असर कम देखा गया। तहसील मार्ग पर कई दो पहिया वाहन चालक फर्राटा भरते रहे। अनावश्यक भी लोग सड़कों पर चहल कदमी करते भी देखे गए। ऐसे लोगों को कोतवाल समझाते रहे, लेकिन लोग पुलिस के साथ आंख-मिचौली करते रहे।
11 से तीन बजे तक किराना स्टोर खोलने के निर्देश
बागेश्वर। प्रशासन ने सभी किराना स्टोरों को खोलने का समय निर्धारित किया। सुबह छह बजे से आठ बजे तक थोक विक्रेता अपना माल बेचेंगे। इसके बाद 11 बजे से लेकर अपराह्न तीन बजे तक ही लोगों को सेवा देने को कहा गया। इसके बाद भी सुबह से ही कई दुकानें खुली रहीं।
डॉक्टर दे रहे सोशल डिस्टेंस की सलाह
बागेश्वर। जिला अस्पताल में आ रहे डॉक्टरों द्वारा प्रत्येक मरीज की प्राथमिकता के साथ जांच की जा रही है। सोमवार को 17 ऐसे लोगों की जांच की गई जो बाहरी क्षेत्र से आए थे। सभी को इस महामारी में एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है। डॉक्टर रीमा उपाध्याय ने लोगों से सोशल डिस्टेस बनाए रखने की अपील की है। जागरूकता से ही रोग को महामारी का रूप लेने से रोका जा सकता है। इसके अलावा मेडिकल सभी दवाइयों की दुकान खुली रहीं।
