सोमेश्वर में सब्जी के दामों में आया उछाल
अल्मोड़ा। कोरोना वायरस के बचाव के दृष्टिगत घोषित कर्फ्यू जारी है। प्रशासनिक अमला कर्फ्यू को सफल बनाने, लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करने, सामुदायिक दूरी बनाए रखने व जरूरत की सामग्री लोगों को आसानी से उपलब्ध कराने की कवायद में जुटा है। गुरुवार को थानाध्यक्ष रमेश बोहरा के नेतृत्व में पुलिस की टीमें चारों घाटियों में यातायात, दुकानों के खुलने और बंद करने, कर्फ्यू का पालन कराने में जुटी रहीं। नायब तहसीलदार निशा रानी ने भी बाजार में गश्त कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही राजस्व कर्मचारियों से दुकानों में सामान खरीद रहे ग्राहकों को उचित दूरी बनाने के लिए दुकानों में चूने के गोल घेरे बनवाये। इधर कई कस्बों में सब्जी और अन्य जरूरत की सामग्री के भाव अचानक बढऩे की शिकायतें भी ग्रामीणों द्वारा की जा रही हैं। लोगों ने शासन प्रशासन से महंगाई पर नियंत्रण करने की मांग भी की है। गरीब वर्ग पर महंगाई की मार सबसे अधिक पड़ रही है।
