96 विदेशी नागरिकों ने ऋ षिकेश छोड़ा,दिल्ली रवाना
ऋ षिकेश। योगनगरी ऋ षिकेश के लक्ष्मणझूला, तपोवन और स्वर्गाश्रम स्थित होटल और योग केंद्रों में पिछले तीन महीने से ठहरे विभिन्न देशों की 96 नागरिक चार वाहनों से दिल्ली रवाना हुए। संबंधित दूतावास की व्यवस्था से सभी विदेशी दिल्ली इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपने वतन जाएंगे। योग और अध्यात्म सीखने स्पेन, स्वीडन, फिनलैंड, नार्वे से तीर्थनगरी ऋषिकेश आए विदेशी लक्ष्मणझूला, तपोवन, स्वर्गाश्रम क्षेत्र में स्थित होटल और योग केंद्रों में रुके हुए हैं। वैश्विक बीमारी कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बाद संबंधित देशों ने अपने नागरिकों की सुध लेनी शुरू की है।दिल्ली स्थित संबंधित देशों के दूतावास ने लक्ष्मणझूला, तपोवन में ठहरे अपने नागरिकों की सूची तैयार की। मंगलवार शाम दिल्ली से चार वाहन लेकर दूतावास कर्मी ऋषिकेश पहुंचे। सुबह अपने सभी नागरिकों को लेकर संयुक्त यात्रा रोडवेज बस अड्डे पहुंचे। जहां चार वाहनों में सवार होकर विदेशी दिल्ली रवाना हुए।स्थानीय अभिसूचना इकाई के मुताबिक दिल्ली दूतावास से ईको और एशियन ट्रेवल एजेंसी के चार वाहन और एक कार दूतावास से थी। वाहनों में स्पेन, स्वीडन, फिनलैंड, नार्वे के करीब 96 विदेशी दिल्ली रवाना हुए। दूतावास से आए शिव कुमार ने बताया कि सभी विदेशियों के ठहरने की अलग-अलग व्यवस्था इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास होटलों में की गई है। यहां से समयानुसार लाइट से अपने वतन रवाना होंगे।
