बागेश्वर से तीन बसों में 59 लोगों को यूपी के लिए भेजा
बागेश्वर। जिले में इन दिनों प्रवासियों का आना और यहां से प्रवासियों का जाने का सिलसिला जारी है। जिलाधिकारी रंजना राजगुरु के निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश के बिजनौर, रामपुर आदि स्थानों के लिए रविवार को तीन बसों में 59 लोगों को रवाना किया। रवाना करने से पूर्व सभी लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। अपने घरों को जाने वाले प्रवासियों को सुबह डिग्री कॉलेज में एकत्र किया गया।
एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी की निगरानी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके बाद तीन बसों में नौ लोगों को रामपुर, 31 हल्द्वानी और 19 लोगों को ऊधमसिंह नगर के लिए रवाना किया गया। इधर, इंसीडेंट कमांडर बिलौना से मिली जानकारी के अनुसार रविवार अपराह्न दो बजे तक पंजाब, दिल्ली, जयपुर मथुरा तथा चेन्नई आदि शहरों से 62 प्रवासी पहुंचे। जिन्हें हल्द्वानी से उत्तराखंड परिवहन निगम की तीन बसों से यहां लाया गया। स्टेजिंग एरिया में पहुंचने पर सभी व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण और थर्मल स्क्रीनिंग के साथ-साथ उनका डाटा तैयार किया गया। इन लोगों को जिला प्रशासन की ओर से लंच पैकेट, पानी की बोतल के साथ-साथ छोटे बचों के लिए दूध भी उपलब्ध कराया। स्वास्थ्य परीक्षण एवं डाटा तैयार करने के उपरान्त उन्हें होम क्वांरटाइन के लिए उनके गंतव्य को रवाना किया।
घर जाने वाले मजदूर 18 मई से कराएं पंजीकरण
बागेश्वर। जिला प्रशासन ने घर जाने वाले मजदूरों को भेजने के लिए तैयारी तेज कर दी है। उन्होंने घर जाने वाले मजदूरों से अपील की है वे अपना पंजीकरण करा लें। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत, बहराइच, गोंडा तथा खीरी जाने वाले मजदूर 18 मई सुबह सात बजे डिग्री कॉलेज परिसर में अपना पंजीकरण करा सकते हैं। 19 मई को मेरठ, बुलंदशहर, सहारनपुर जाने वालों का पंजीकरण होगा। अन्य स्थानों को जाने वाले मजदूर भी अपना पंजीकरण 20 के बाद करा सकते हैं।
