March 29, 2026

बिना अनुमति के हरियाणा से बागेश्वर पहुंचे दो लोग,पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज

बागेश्वर। बाहरी क्षेत्र से बगैर अनुमति के ही बागेश्वर पहुंचने का सिलसिला जारी है। कोतवाली पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ मोर्चा खोला है। सिमी नरगोली के दो ग्रामीण हरियाणा से बगैर अनुमति के जिला मुयालय पहुंच गए। गिरेछीना तक वे वाहन से वहां से बागेश्वर तक पैदल ही पहुंच गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मेडिकल जांच के बाद संस्थागत क्वारंटाइन कर दिया है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। कोतवाल डीआर वर्मा ने कहा कोतवाली पुलिस रविवार को गश्त कर रही थी। इसी दौरान दो युवक गिरेछीना मोटर मार्ग से पैदल आ रहे थे। जब उनसे पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया वे हरियाणा से आ रहे हैं। हरियाणा से गिरेछीना तक वाहन से आए और वहां से पैदल ही जिला मुयालय पहुंच गए। पुलिस ने गोपाल राम पुत्र गुंसाई राम तथा बची राम पुत्र कुंवर राम निवासी ग्राम सिमी नरगोल को मेडिकल जांच के बाद टीआरसी में बने संस्थागत क्वारंटाइन में 14 दिन के लिए क्वारंटाइन कर दिया है। किसी सक्षम अधिकारी के अनुमति नहीं होने के कारण दोनों के खिलाफ आईपीसी की धारा 188/269 व 51 ख आपदा प्रबंधन अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी रचिता जुयाल ने कहा बगैर अनुमति के जिले में आने वालों पर पुलिस लगातार नजर बनाई हुई है। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सोशल मीडिया में अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ केस
कांडा। कांडा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया में अफवाह फैलाने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष प्रह्लाद सिंह ने कहा पुलिस सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए है। सोशल मीडिया की मॉनिटेरिंग के दौरान गणेश कांडपाल पुत्र मोहन चंद्र कांडपाल निवासी ग्राम बजीना थाना कांडा पकड़ में आ गया। उसने सोशल मीडिया फेसबुक के माध्यम से आपत्तिजनक पोस्ट पर टिप्पणी की और अफवाह फैलाने का काम किया। पुलिस ने उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 188/153(क) 54 आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कार्रवाई की है।