सभी प्रवासियों का होटलों में हो कोरन्टीन, होटल ब्यवसाय व ग्राम प्रधानों को मिलेगी राहत
बागेश्वर। कोविड-19 महामारी के चलते होटल व्यवसाय पूरी तरह से ठप पड़ा है। पर्यटकों की आवाजाही ठप होने के कारण होटल कारोबारियों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। ऐसे में उन्होंने प्रशासन से होटलों के सरकारी अनुमन्य राशि के तहत संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर बनाने की मांग तेज कर दी है। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर ठप पड़े होटल कारोबार को पुनर्जीवित करने की मांग की।
सोमवार को होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष बलवंत सिंह नेगी के नेतृत्व में कारोबारियों ने डीएम रंजना राजगुरु को ज्ञापन दिया। कहा मार्च के महीने से जिले के सभी होटल बंद पड़े हैं। जिससे कारोबारी पूरी तरह से मायूस हैं। उन्होंने कहा अधिकांश होटल व्यवसायियों ने लोन लेकर कारोबार शुरू किया है। ऐसे में तीन महीने से उनको किश्त देना भी भारी पड़ रहा है। कहा महामारी के दौरान बाहर से आने वाले प्रवासियों को गांव के विद्यालयों और पंचायत घरों में ठहराया जा रहा है। जहां उन्हें कई तरह की दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान भी इससे परेशानी महसूस कर रहे हैं। उन्होंने डीएम से बाहरी रायों से आने वालों को सरकारी अनुमन्य राशि के तहत जिले के होटलों में संस्थागत क्वारंटाइन कराने को कहा। जिससे होटल व्यापारियों का कारोबार भी चलता रहेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रही दिक्कत से भी निजात मिलेगी। यहां पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण और पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी सहित होटल कारोबारी भी मौजूद रहे।
