आम आदमी को क्वारंटाइन किया जा रहा और रसूखदार खुल्ला घूम रहे
चमोली। उत्तराखंड में कोरोना के बढ़ते संक्रमित मरीजों के बावजूद लॉकडाउन के नियमों का मखौल उड़ रहा है। उत्तर प्रदेश के विधायक अमनमणि के चमोली पहुंचने का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा, अब हरिद्वार से दायित्वधारी का पुत्र अपने दो दोस्तों के साथ जोशीमठ के उर्गम क्षेत्र में पहुंच गया। ग्रामीणों के विरोध प्रशासन ने तीनों को पकड़। बाद में वाहन का चालान कर तीनों युवकों को हरिद्वार वापस भेजा गया। जोशीमठ के एसडीएम अनिल चन्याल ने बताया कि रविवार को तीन युवक एक वाहन से उर्गम घाटी पहुंच गए। ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने युवकों को घेर लिया और प्रशासन को सूचना दी। इस पर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युवकों से पूछताछ की। इनमें से एक युवक ने खुद का नाम मुकेश आर्य बताया और बताया उसके पिता विनोद आर्य दायित्वधारी हैं। मुकेश ने बताया कि वह जड़ी-बूटी का कारोबारी है और हरिद्वार के जिलाधिकारी से अनुमति लेकर यहां आया है। मुकेश ने बताया कि उनका अपना वाहन खराब था, इसीलिए पिता के वाहन से पहुंचे। कहा कि मैं व्यापार के सिलसिले में आया था। एसडीएम के अनुसार जब उससे अनुमति पत्र दिखाने को कहा गया तो वे दिखा नहीं पाए। एसडीएम के अनुसार वाहन में उत्तराखंड सरकार का लोगो भी चस्पा था, यह लोगो निजी वाहनो पर नहीं लगाया जा सकता। इसीलिए मोटर व्हीकल एक्ट में वाहन का चालान काट तीनों को वापस भेज दिया गया। प्रधान संघ के अध्यक्ष अनूप नेगी ने कहा कि ये लोग राय सरकार के लोगो का दुरुपयोग कर यहां तक पहुंचे हैं। प्रशासन को इनके खिलाफ सत कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आम आदमी को क्वारंटाइन किया जा रहा है और रसूखदार खुला घूम रहे हैं।
